Bihar Local News Provider

गोपालगंज: दुर्घटना के बाद युवक को कमरे में बंद कर पीटा

जादोपुर थाना क्षेत्र के जादोपुर-विशुनपुर तटबंध पर दो बाइक के बीच हुई आमने सामने की टक्कर के बाद बाइक सवार युवक को कमरे में बंद कर कुछ लोगों ने उसकी पिटाई कर दी। बाद में घायल अवस्था में युवक को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जादोपुर थाना क्षेत्र के जादोपुर बाजार निवासी विशाल कुमार तथा सुनील राम बाइक से जादोपुर-विशुनपुर सारण तटबंध से होकर कहीं जा रहे थे। इसी बीच सामने से एक बाइक पर सवार होकर आ रहे तीन लोगों ने उनकी बाइक में टक्कर मार दिया। इस घटना में दोनों बाइक पर सवार पांच लोगों को हल्की चोट आईं। दुर्घटना के दूसरी बाइक पर सवार तीन लोगों ने सुनील राम को पकड़ लिया तथा दुर्घटना का जिम्मेदार उसे ही ठहराते हुए पास के एक घर में ले जाकर कमरे में बंद कर उसकी पिटाई कर दी। घायल सुनील को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जादोपुर थानाध्यक्ष दिनेश यादव ने बताया कि इस संबंध में कोई भी लिखित सूचना पुलिस को नहीं मिली है।