Bihar Local News Provider

गोपालगंज: मृत बच्चों के परिजन को मिलेगा 12 लाख मुआवजा

शुक्रवार की रात्रि शहर के हजियापुर मुसहर टोली में अचानक आग की घटना में मृत एक ही परिवार के तीन बच्चों के परिजन को 12 लाख रुपये की मुआवजा राशि दी जाएगी। बेतिया जिला प्रशासन की ओर से यह राशि मृत बच्चों के परिजन को दी जाएगी। इस बात की जानकारी देते हुए सीओ विजय कुमार सिंह ने बताया कि मुआवजा राशि देने के लिए बेतिया जिलाधिकारी को पत्र लिखा गया है।
सीओ ने बताया कि मृत तीनों बच्चों का स्थाई पता बेतिया जिले का मझवलिया प्रखंड है। जिसके कारण उन्हें मुआवजे का 12 लाख रूपया बेतिया प्रशासन की ओर से दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि जल्द ही मझवलिया ब्लाक में पीड़ित के परिजनों को बुलाकर उन्हें राशि उपलब्ध कराई जाएगी। ज्ञातव्य है कि नगर थाना के हजियापुर मुसहर टोली निवासी सुगांती देवी अपने चार बच्चों के साथ शुक्रवार की शाम को घर में खाना बनाने के बाद सोने के लिए चली गई। इसी बीच अचानक लगी आग से सुगांती देवी की झोपड़ी पूरी तरह से जलकर राख हो गई। जिसमें सुगांती देवी के दो बेटे व एक बेटी की आग में जल कर मौत हो गई। रविवार को आग लगने से झोपड़ी जलने के बाद सुगांती देवी के भाई को प्रशासनिक स्तर पर 9800 रुपये का चेक सौंपा गया। उधर मृत बच्चों की मां सुगांती घटना के 60 घंटे के बाद भी इस भयावह घटना के सदमे से उबर नहीं सकी है। वह बार-बार बच्चों को याद कर बेहोश होती रही।
अस्पताल में चल रहा सुगांती व मनीषा का इलाज
हजियापुर मुसहर टोली में अचानक लगी आग के कारण एक ही झोपड़ी में सो रहे एक महिला व चार बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए। झुलसे बच्चों को इलाज के लिए आसपास के लोगों ने सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां एक-एक कर तीन बच्चों की मौत हो गई। बच्चों की मां सुगांती देवी व उसकी बड़ी बहन मनीषा कुमारी को इलाज के लिए सदर अस्पताल के बर्न वार्ड में भर्ती कराया गया। जहां मनीषा की हालत भी गंभीर बनी हुई है।