Bihar Local News Provider

बेबस पति देखता रहा, वह लगाती रही मदद की गुहार, गोपालगंज के भोरे में रिश्‍ते को शर्मसार करने वाली घटना

भोरे थाना क्षेत्र के बनिया छापर गांव में आपसी विवाद को लेकर एक युवक ने अपने परिवार वालों के साथ मिलकर अपनी भाभी को रसोई गैस के चूल्हे से जला दिया। इस घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे महिला के पिता ने गंभीर हालत में गोरखपुर के एक अस्पताल में भर्ती कराया। वहां महिला की हालत नाजुक देख चिकित्सक ने लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ में महिला की मौत हो गई। इस घटना को लेकर मृतका के पिता ने चार लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। इसमें मृतका के देवर सीताराम शर्मा, उसकी पत्‍नी चंदा देवी, पुत्र राहुल शर्मा व श्याम शर्मा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।

भाई-भाई में विवाद के बाद घटना को दिया अंजाम 

प्राथमिकी में कहा गया है कि फुलवरिया थाना क्षेत्र के सिहपुर गांव निवासी सुरेश शर्मा की पुत्री सोनी कुमारी की शादी दो फरवरी 2013 को भोरे थाना क्षेत्र के बनियाछापर गांव निवासी नथुनी शर्मा के पुत्र हरेराम शर्मा के साथ हुई थी। शादी के बाद सबकुछ ठीक चल रहा था। इसी बीच सोनी कुमारी के पति हरेराम शर्मा का अपने भाई सीताराम शर्मा से विवाद शुरू हो गया। इसी विवाद को लेकर दोनों के बीच कहासुनी होने लगी।

भाई को बंधक बनाने के बाद लगा दी आग 

इससे नाराज सीताराम शर्मा और उसके परिवार के लोगों ने गुरुवार को हरेराम शर्मा को पकड़ लिया। एक तरह से उसे बंधक बना लिया। इसके बाद उनके सामने ही उनकी पत्‍नी सोनी कुमारी को गैस चूल्हा से जला दिया। बेबस पति यह सब देखता रहा। इधर घटना की सूचना मिलते ही सुरेश शर्मा बनियाछापर पहुंचे। इसके बाद बेटी को इलाज के लिए ले गए लेकिन सोनी की जान नहीं बच सकी। इस घटना से सनसनी फैली हुई है। गांव के लोग भी सन्‍न हैं। https://gopalganj.org/city-news/1391/