Bihar Local News Provider

थावे में किसानों का पसीना छुड़ा रही धान खरीदारी की सुस्त गति

अब तो सरकार ने भू-स्वामित्व प्रमाण पत्र के बिना ही किसानों को पैक्सों को धान बेचने की छूट दे दी है। लेकिन, इसके बाद भी थावे प्रखंड में धान की खरीदारी करने में पैक्सों की सुस्त चाल किसानों का पसीना छुड़ा रही है। किसानों के धान लेकर पहुंचने पर कहीं पैक्स बंद मिलते हैं तो किसी पैक्स में धान की तौल कराने में ही किसानों का घंटों समय बीत जाता है। हालांकि धान की खरीदारी को लेकर इधर प्रशासन के कड़े रुख को देखते हुए पैक्सों में धान की खरीदारी को लेकर कुछ सजगता आई है। प्रखंड सहकारिता विभाग कार्यालय में धान की खरीदारी रफ्तार पकड़ सके, इसके लिए पैक्स अध्यक्षों के साथ बैठक करने का दौर शुरू हो गया है।

थावे प्रखंड में 11 पैक्सों में से नौ पैक्सों को धान की खरीदारी करने के लिए चयनित किया गया है। शुरुआत में चयनित पैक्स भी धान खरीदारी के प्रति उदासीन बने रहे। लेकिन अब चयनित सभी नौ पैक्सों में धान की खरीदारी शुरू हो गई है। लेकिन धान की खरीदारी की सुस्त गति के कारण किसानों की समस्या बनी हुई है। प्रखंड सहकारिता विभाग के आंकड़े की बताते हैं कि अब तक महज 2830 क्विटल धान की खरीदारी ही हो सकी है। जबकि थावे प्रखंड को 35 हजार क्विटल धान की खरीदारी करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। धतीवना के किसान रामप्रवेश प्रसाद, वृंदावन के किसान छोटेलाल सिंह, जगमलवा के किसान रवींद्र कुशवाहा आदि बताते हैं कि पैक्स कब खुलते हैं और कब बंद रहते हैं, इसकी तरफ कोई ध्यान नहीं दे रहा है। पैक्स पर जाने पर बताया जाता है कि आज बंद है, कल आइएगा। अगर पैक्स खुला रहा तो धान की तौल कराने में घंटों समय लग जाता है। पैक्सों को धान बेचने में अब भी किसानों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। वहीं बीसीओ दीपक कुमार ने बताया कि 11 पैक्सों में से नौ पैक्सों में धान की खरीदारी शुरू हो गई है। विदेशीटोला, बरारी जगदीश, सेमरा, इंदरवा एबादुल्लाह, धतीवना, फुलुगनी, बृंदावन, जगमलवा तथा एकडेरवा पैक्सों द्वारा धान की खरीदारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि लछ्वार पैक्स का अभी चयन हो रहा है। जबकि रामचंद्रपुर पैक्स अवक्रमित है। लेकिन वहां धान की खरीदारी व्यापार मंडल से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि थावे प्रखंड 35 हजार 464 क्विटल धान खरीदने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। अभी तक 2830 क्विटल धान की खरीदारी हो चुकी है। किसान अपना धान बेचने के लिए ऑनलाइन लाइन रजिस्ट्रेशन कराए हैं। बहुत से किसान धान बेचने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करा रहे हैं। धान खरीदारी का लक्ष्य पूरा कर लिया जाएगा।


Comments

One response to “थावे में किसानों का पसीना छुड़ा रही धान खरीदारी की सुस्त गति”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *