Bihar Local News Provider

गोपालगंज में मास्क न लगाने पर दो दुकानें सील, उठक-बैठक करते बीता दिन

शहर के विभिन्न इलाकों में शुक्रवार को कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर मास्क जांच का अभियान चलाया गया। इस जांच के दौरान बगैर मास्क के दुकान चला रहे दो दुकानदारों को फटकार लगाने के बाद उनकी दुकानों को सील कर दिया गया। जांच के दौरान शहर के घोष मोड़ पर बिना मास्क के घूम रहे 52 लोगों को पकड़कर उनसे जुर्माना राशि की वसूली की गई। इस बीच सड़क पर बिना मास्क के घूम रहे लोगों से उठक-बैठक भी कराया गया।

जानकारी के अनुसार डीएम डॉ. नवल किशोर चौधरी के निर्देश पर शुक्रवार को सदर सीओ विजय कुमार ङ्क्षसह व नगर थाने की पुलिस ने शहर के थाना चौक, मौनिया चौक, सिनेमा रोड सहित अन्य स्थानों पर मास्क जांच अभियान चलाया। इस दौरान सदर सीओ ने शहर के जंगलिया मोड़ व अस्पताल मोड़ के पास बिना मास्क के दुकान चला रहे दो दुकानदारों को फटकार लगाने के बाद उनकी दुकानों को सील कर दिया। सदर सीओ विजय कुमार सिंह की इस कार्रवाई के बाद शहर के दुकानदारों में हड़कंप मच गया। सदर सीओ विजय कुमार सिंह व पुलिस टीम दुकान सील करने के बाद घोष मोड़ पर व्यापक रूप से मास्क जांच अभियान चलाया। मास्क जांच अभियान के दौरान बिना मास्क के घूम रहे 52 लोगों से जुर्माना वसूलने के बाद उन्हें मास्क दिया गया।

लाउडस्पीकर के माध्यम से किया जा रहा अपील 

सदर सीओ विजय कुमार सिंह शुक्रवार को लाउडस्पीकर के माध्यम से शहर में घूमकर लोगों को कोरोना संक्रमण से बचने के लिए शारीरिक दूरी का पालन करने व मास्क लगातार शहर में निकलने की अपील करते दिखे। इस दौरान सीओ ने कहा कि जिले में लगातार कोरोना पॉजिटिव मरीज मिल रहे है। ऐसे में सभी लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है। सभी लोग अपने घर में रहें तथा जरुरी कार्य होने पर ही घर से मास्क पहनकर निकलें।

https://gopalganj.org/city-news/14666/