Bihar Local News Provider

गोपालगंज में बारात के खाने में जबरदस्ती लिट्टी डालने पर चार को मारी थी गोली; एक की मौत, तीन हैं घायल

गोपालगंज में बारात को खाना खिलाने के दौरान लिट्टी डालने के विवाद में हुए हत्याकांड का मुख्य आरोपी पकड़ा गया है। पुलिस ने उसे गोरखपुर से अरेस्ट कर लिया है। अब उसके रिवाल्वर का लाइसेंस भी रद्द किया जाएगा। इस वारदात में एक व्यक्ति की मौत हो गई है जबकि तीन अन्य घायल हैं। घटना के बाद से ही इलाके में तनाव बना हुआ है। कई थानों की पुलिस गश्त कर रही है।

मामला उचकागांव थाना क्षेत्र के नरकटिया गांव का है। यहां के स्थानीय राजन सिंह और रोहित सिंह में पहले से विवाद चल रहा था। शनिवार को बगल में किसी के यहां शादी समारोह में खाना खिलाने के दौरान रोहित ने राजन सिंह के भाई को बिना मांगे थाली में लिट्टी डाल दी। इसे ही लेकर दोनों में विवाद हुआ। बाद में मारपीट हुई तो राजन ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से एक के बाद एक गोलियां चला दीं। गोलीबारी में राजेंद्र सिंह, राहुल कुमार सिंह, रिशु कुमार सिंह और रोहित कुमार सिंह जख्मी हो गए। आनन फानन में सभी को सदर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने राजेंद्र सिंह को मृत घोषित कर दिया। इधर घटनास्थल पर अफरातफरी मच गई थी। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया।

सदर अस्पताल का एक्सरे बंद रहने से भी हंगामा

गोली लगने के बाद जब चारों लोगों को सदर अस्पताल लाया गया, तब पता चला कि वहां एक्स-रे कक्ष बंद था। इसके बाद परिवार के सदस्य व अन्य लोगों ने नाराजगी जताते हुए हंगामा करना शुरू कर दिया। सूचना मिलने के बाद नगर थाना की पुलिस सदर अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में पहुंची और गुस्साए लोगों को शांत कराया।

एसपी बोले- सभी पर होगी कार्रवाई

मामले में गोपालगंज के एसपी आनंद कुमार ने कहा कि फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पूरे घटना की जांच की जा रही है। राजन पेशे से ठेकेदार है तथा रोहित पर भी कई मामले दर्ज हैं।

https://gopalganj.org/uchkagaon/14828/