Bihar Local News Provider

गोपालगंज के भोरे में वायरल होने के लिए चार छात्रों ने हथियार के साथ बनाया वीडियो, पहुंचे गोपालगंज पुलिस की गिरफ्त में

इंटरनेट मीडिया (Internet Media) पर वायरल होने के लिए लोग न जाने क्‍या-क्‍या कदम उठा लेते हैं। कोई फांसी के फंदे लगाकर वीडियो बनाता है तो कोई नदी में कूद कर। अब गोपालगंज के चार युवकों ने फेमस होने के लिए हथियार लहराते हुए वीडिया बना लिया। हालांकि यह उनके लिए भारी पड़ गया है। चारों युवक पुलिस की हिरासत में हैं। इनमें से तीन गोपालगंज के हैं। एक उत्‍तरप्रदेश (Uttar Pradesh) का रहने वाला है। उन युवकों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस अब तक उस हथियार को बरामद नहीं कर सकी है जो वायरल वीडियाे (Viral Video) में दिख रहा था। पुलिस इस मामले में फिलहाल कुछ नहीं बता रही है।

भोजपुरी गाने पर थिरकते दिख रहे हैं चारों युवक 

बताया जाता है कि पंचायत चुनाव को लेकर इंटरनेट मीडिया पर सक्रिय पुलिस की नजर एक वीडियो पर पड़ी। इसमें चार युवक हथियार लहराते दिखे। वायरल वीडियो में सीधे-सीधे मानबू की गोली चलबइबू भोजपुरी गाने पर चारों युवक थिरकते दिख रहे हैं। वे पिस्‍टल लहरा रहे हैं। शनिवार को पुलिस ने पता लगाते हुए उन्‍हें हिरासत में लिया। पकड़े गए युवकों में तीन स्‍थानीय जबकि एक यूपी के देवरिया का है। पुलिस हिरासत में लिए गए आरोपित छात्र हैं।

वी‍डियो में दिख रहे हथियार का नहीं चला है पता 

इनके स्‍वजनों का कहना था कि इंटरनेट मीडिया पर फेमस होने के लिए इनलोगों ने वीडियो बनाया था। वीडियो में दिख रहा हथ‍ियार किसका है, यह पता लगाने में पुलिस जुटी है। हथियार इन लड़कों के पास कहां से आया, इसको लेकर पुलिस छानबीन कर रही है। थानाध्‍यक्ष सुभाष कुमार सिंह ने बताया कि जब तक छानबीन पूरी नहीं हो जाती, कुछ भी कहना संंभव नहीं है। हथियार नकली था या असली, इसका भी पता लगाना है। इनमें से एक लड़का यूपी का रहने वाला है। स्‍वजनों से भी पूछताछ की जा रही है।

https://gopalganj.org/barauli/15220/