Bihar Local News Provider

कुचायकोट में अज्ञात वाहन ने बाइक सवार दो लोगों को कुचला, एक की मौत

कुचायकोट थाना क्षेत्र के कुचायकोट-मैरवा पथ पर उचकागांव पेट्रोल पंप के पास रविवार की देर शाम एक बाइक पर सवार दो लोगों को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। इस घटना में गंभीर रूप से घायल दोनों बाइक सवारों को आसपास के लोगों ने इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, कुचायकोट पहुंचाया। चिकित्सकों ने एक बाइक सवार घायल को मृत घोषित कर दिया। दूसरे घायल की स्थिति गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें सदर अस्पताल, गोपालगंज रेफर कर दिया। घायलों को अस्पताल ले जाए जाने के बाद अस्पताल की व्यवस्था से नाराज ग्रामीणों ने जमकर हंगामा भी किया।

मिली जानकारी के अनुसार, कुचायकोट थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव निवासी छबीला प्रसाद का पुत्र उमेश प्रसाद (उम्र 39 वर्ष) और इसी गांव के जवाहर शाह के पुत्र राजन कुमार साह एक बाइक पर सवार होकर कुचायकोट से घर लौट रहे थे। कुचायकोट-मैरवा पथ पर उचकागांव पेट्रोल पंप के पास एक अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया। आसपास के लोगों के पहुंचने से पहले चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। इस घटना में गंभीर रूप से घायल दोनों बाइक सवारों को आसपास के लोगों ने इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुचायकोट पहुंचाया। उमेश प्रसाद को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं, इस घटना में गंभीर रूप से घायल राजन कुमार शाह की स्थिति गंभीर देख चिकित्सकों ने प्राथमिक चिकित्सा के बाद उन्हें सदर अस्पताल, गोपालगंज रेफर कर दिया।

ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

दोनों घायलों को इलाज के लिए लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे ग्रामीणों ने चिकित्सकीय व्यवस्था में लापरवाही और कुव्यवस्था का आरोप लगाते हुए जमकर विरोध प्रदर्शन भी किया। समाचार लिखे जाने तक ग्रामीणों का विरोध प्रदर्शन जारी था। जानकारी लगने पर मौके पर पहुंची कुचायकोट पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर मामले की छानबीन शुरू कर दी थी।

https://gopalganj.org/uchkagaon/1492/