Bihar Local News Provider

सिधवलिया: महिला की हत्या कर शव गायब किया, सास गिरफ्तार

सिधवलिया थाना क्षेत्र के सरेया पहाड़ गांव में दहेज के लिए एक महिला की हत्या कर ससुराल वालों ने शव को गायब कर दिया। इस घटना की जानकारी मिलने पर मृतका की मां ने सिधवलिया थाना में अपने बेटी के पति, सास, ससुर सहित पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित सास को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपित प्राथमिकी दर्ज होने के बाद घर छोड़कर फरार हो गए हैं। पुलिस उन्हें गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।
बताया जाता है कि सिधवलिया थाना क्षेत्र के बुचेया मठिया गांव निवासी छठू महतो की पुत्री चंदा देवी की शादी सरैया पहाड़ निवासी ललन दास के पुत्र उपेंद्र दास के साथ साल 2012 में हुई थी। शादी के बाद ससुराल जाने पर चंदा देवी से ससुराल वाले दहेज में बाइक की मांग करने लगे। इस मांग को लेकर उन्हे प्रताड़ित किया जाने लगा। बताया जाता है कि चंदा देवी से जानकारी मिलने पर मायके के लोगों ने दहेज की मांग को लेकर ससुराल आकर पंचायती भी किया। लेकिन इसके बाद भी दहेज की मांग को लेकर चंदा देवी को प्रताड़ित किया जाता रहा। इसके बाद भी मांग पूरी नहीं हुई तो 27 सितंबर को चंदा देवी की हत्या कर शव को गायब कर दिया गया। बताया जाता है कि ग्रामीणों से इस घटना की जानकारी होने पर शुक्रवार की शाम सिधवलिया थाना पहुंची चंदा देवी की मां गायत्री देवी ने अपनी बेटी की दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाते हुए उसके पति उपेंद्र दास, ससुर ललन दास, सास शारदा देवी, लीलावती देवी, शैलेश दास तथा लालमति देवी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित सास शारदा देवी को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपित घर छोड़कर फरार हो गए हैं। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।