Bihar Local News Provider

गोपालगंज : सामूहिक दुष्कर्म मामले में दो नामजद सहित छह पर प्राथमिकी

शहर के आर्य नगर मोहल्ले में एक युवती के साथ सामूहिक दुष्कर्म के मामले में दो लोगों के खिलाफ नामजद सहित छह लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। इस युवती के साथ आधा दर्जन युवकों ने सामूहिक दुष्कर्म करने के बाद उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया था। वीडियो वायरल होने के बाद इस घटना के एक सप्ताह बाद प्राथमिकी दर्ज कर गुरुवार को महिला थाना की पुलिस ने आर्यनगर में मामले की जांच पड़ताल किया। पुलिस आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।
बताया जाता है कि नगर थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली एक युवती बीते 17 सितंबर को शहर में किसी कार्य से आई थी। कार्य पूरा करने के बाद युवती अकेले ही अपने घर जा रही थी। इसी बीच रास्ते में आर्य नगर मोहल्ले के समीप कुछ युवक ने युवती को पकड़ कर जबरन एक कमरे में लेकर चले गए। जहां युवती के साथ छह युवकों ने सामूहिक रूप से दुष्कर्म किया तथा इसका वीडियो बना कर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। बताया जाता है कि वीडिया वायरल होने के बाद युवती ने अपने परिजनों के साथ महिला थाना पहुंच कर इस घटना की जानकारी पुलिस को दिया। पीड़िता के बयान पर इस घटना के एक सप्ताह बाद शहर के स्टेशन रोड निवासी रजनीश कुमार व दिलीप कुमार को नामजद करते हुए छह युवकों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद आर्यनगर जाकर महिला थाना की पुलिस ने घटनास्थल की बारिकी से जांच पड़ताल किया। इस संबंध में पूछे जाने पर महिला थाना की थानाध्यक्ष आफशा परवीन ने बताया कि पीड़ित युवती के बयान पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस छापेमारी अभियान चला रही है।