Bihar Local News Provider

बरौली: गड़ासे से गर्दन काट कर भाई की हत्या करने वाला पुलिस के हत्थे चढ़ा

बरौली के चर्चित आलोक हत्या कांड में मुख्य आरोपित उसके भाई मनोज सिंह व उसकी पत्नी को पुलिस ने सारण के मशरक से गिरफ्तार कर लिया। अपने भाई की निर्मम हत्या करने के बाद से मनोज घर छोड़कर फरार हो गया था। ( संबंधित खबर को पढ़ने के लिए यहाँ क्लिक करें ) पुलिस उसकी गिरफ्तारी को लेकर पिछले एक माह से छापेमारी कर रही थी। थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार ने बताया की हत्या कांड के अन्य आरोपितों को भी जल्द पकड़ लिया जाएगा। मामले में आरोपित किए गए उसके पिता को पुलिस पहले ही गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज चुकी है। ज्ञात हो कि जिले के बरौली थाने के भड़कुईयां गांव में पिछले 25 मई की सुबह मनोज सिंह ने अपने बेटों के साथ मिल कर छोटे भाई आलोक की हत्या गड़ासे से गर्दन काट कर कर दी थी। साक्ष्य मिटाने के लिए दरवाजे के बगल में ही चिता तैयार कर शव को जलाया जा रहा था। इस बीच मृतक के पत्नी की सूचना पर पहुंची पुलिस ने अधजले शव को अपने कब्जे में लिया था। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पूर्व ही सभी आरोपित घर छोड़ कर फरार हो गए थे। मृतक आलोक कुमार सिंह देवेन्द्र सिंह का बेटा था। वह पहले पूना में रहकर काम करता था। लेकिन वह घर आया हुआ था। आपसी विवाद को लेकर कुदाल व गड़ासे से पहले उसकी गर्दन काट कर  हत्या कर दी गई थी, फिर शव को टुकड़े-ट़कड़े कर दिया गया था। पति को बचाने गई उसकी पत्नी सिंधु देवी की भी जम कर पिटाई की गई थी। सिंधु अपनी जान बचाकर अपनी बेटी के साथ थाने पहुंचकर घटना के बारे में पुलिस को बताया था।
हत्याकांड के अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। पुलिस मामले में साक्ष्य जुटा कर जल्द ही चार्जशीट दाखिल करेगी। ताकि दोषियों को सजा मिल सके। धर्मेन्द्र कुमार,थानाध्यक्ष,बरौली