Bihar Local News Provider

विजयीपुर: अंदर से बंद था मृत महिला के घर का दरवाजा

विजयीपुर थाना क्षेत्र के सहडिगरी गांव निवासी स्वर्गीय तारकेश्वर उपाध्याय की पत्नी सुनीता देवी की पहसुल से गला रेत कर हत्या करने का मामला उलझ गया है। पुलिस के हाथ इस हत्याकांड मामले में कोई सुराग अभी तक नहीं लगा है। सुनीता देवी की हत्या उनके घर में सोते समय की गई थी। लेकिन इनके घर का दरवाजा अंदर से बंद था। जिससे इस हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने में लगी पुलिस और उलझ गई है। इस बीच ससुराल से मायके पहुंचे मृतका की बेटी पिंकी देवी ने अपनी मां की हत्या कर देने के मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद अब पुलिस को बाहर गए मृतका के बेटे प्रिंस कुमार के घर लौटने का इंतजार है। पुलिस को उम्मीद है कि मृतका के बेटे से इस हत्याकांड को लेकर कोई सुराग हाथ लग सकेगा।
सहडिगरी गांव निवासी सुनीता देवी के पति तारकेश्वर उपाध्याय की मौत पांच साल पूर्व हो चुकी थी। इनकी बेटी पिंकी देवी की भी शादी हो चुकी है। घर में सुनीता देवी तथा उनके पुत्र प्रिंस कुमार रह रहे थे। इस बीच एक सप्ताह पूर्व नौकरी की तलाश में प्रिंस कुमार बाहर चला गया। बेटे के बाहर जाने के बाद सुनीता देवी घर में अकेले रह रही थीं। इस बीच मंगलवार की रात सुनीता देवी अपने घर में सो रही थी। इस दौरान उनकी पहसुल से गला रेत कर हत्या कर दी गई। बुधवार को इस हत्याकांड की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दिया। इस बीच अपनी मां की हत्या करने की जानकारी मिलने पर बुधवार की शाम पिंकी देवी भी अपनी ससुराल से मायके पहुंच गई। मायके पहुंचने के बाद पििंकी देवी ने अपनी मां की हत्या करने के मामले में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। पिंकी देवी ने पुलिस को बताया कि जब वह अपने मायके पहुंची तो घर का दरवाजा अंदर से बंद था। ग्रामीणों के सहयोग से दूसरे दरवाजा की सिटकनी खोल कर वे घर में पहुंची तो मां का शव खून से लथपथ पड़ा हुआ था। पििंकी देवी के इस बयान पर पुलिस उलझ गई है। पुलिस अब इस बात का पता लगा रही है कि घर का दरवाजा अंदर से बंद था तो अपराधी घर से बाहर किस तरह निकले।
बेटे ने फोन रिसीव नहीं होने पर रिश्तेदारों को दी थी जानकारी
नौकरी की तलाश में बाहर जाने के बाद प्रिंस कुमार अपनी मां सुनीता देवी को दिन में काई बार फोन कर उनसे बात करता था। इसी बीच मंगलवार की रात सुनीता देवी की गला रेत कर हत्या कर दी गई। बताया जाता है कि बुधवार को जब प्रिंस कुमार ने अपनी मां को फोन किया तो कॉल रिसीव नहीं हुआ। बार-बार फोन करने पर भी रिसीव नहीं होने से परेशान प्रिंस कुमार ने इसकी सूचना फोन कर अपने रिश्तेदारों को दिया। अपनी मां की हत्या कर हत्या कर दिए जाने की सूचना प्रिंस को मिल गई है। हालांकि वह अपने घर नहीं पहुंचा है। गुरुवार की देर शाम तक उसके घर पहुंचने की उम्मीद है। पुलिस भी उसके घर पहुंचने की राह देख रही है। पुलिस को उम्मीद है कि प्रिंस कुमार से उनसकी मां की हत्या के बारे में कोई सुराग मिल सकेगा। जिससे इस सुराग के सहारे पुलिस हत्यारों तक पहुंच सके।