Bihar Local News Provider

उचकागांव: मनबोध परसौनी में एनआरआइ के घर सात लाख की चोरी

उचकागांव थाना क्षेत्र के नवादा परसौनी गांव में शुक्रवार की रात एक एनआरआइ के घर में घुसे चोरों ने जेवर सहित सात लाख रुपये कीमत के सामान चुरा लिया। शनिवार की सुबह इस चोरी की जानकारी होने पर गृहस्वामी ने इसकी सूचना पुलिस को दिया। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल के दौरान धान के एक खेत से नौ खाली अटैची बरामद किया। पुलिस चोरों की तलाश में छापेमारी अभियान चला रही है।
बताया जाता है कि मनबोध परसौनी गांव निवासी रविंद्र सिंह विदेश में चार्जेंट के पद पर कार्य करते हैं। इनके बड़े पुत्र संदीप हरिद्वार में एक प्राइवेट कंपनी के एरिया मैनेजर के पद पर काम करते हैं। वहीं छोटा पुत्र चंडीगढ़ में इंजीनियरिंग कॉलेज में पढ़ता है। बड़े पुत्र संदीप की शादी बीते मई महीने में हुई है। शादी के बाद संदीप परिवार सहित हरिद्वार चले गए। इसी बीच विदेश में काम कर रहे रविंद्र सिंह अपनी पत्नी के साथ दीपावली तथा छठ पर्व मनाने आने घर पहुंच गए। शुक्रवार की रात रविंद्र सिंह अपने परिवार के साथ एक कमरे में सोए हुए थे। दूसरे कमरे में इनकी मां सो रही थीं। इसी बीच मध्य रात्रि को रतनपुरा गांव पहुंचे चोर इनके घर की छत पर चढ़ कर सीढ़ी के सहारे घर में घुस गए तथा घर के कमरे में रखे गए दो ट्रंक, दीवाल अलमीरा के साथ साथ घर में रखे गए चौदह छोटे बड़े सूटकेस लेकर फरार हो गए। जिसमें पांच लाख रुपये के गहने तथा दो लाख रुपये के अन्य सामान थे। बताया जाता है कि शनिवार की सुबह नींद खुलने पर इस चोरी की जानकारी होने पर रविंद्र सिंह ने इसकी सूचना पुलिस को दिया। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ब्रजभूषण सिंह पुलिस पदाधिकारी विनोद कुमार तथा पुलिस के जवानों के साथ मौके पर पहुंच गए। जांच पड़ताल के दौरान पुलिस ने घर से कुछ दूरी पर स्थित एक धान के खेत से चोरी गए 14 में से 9 खाली पड़े अटैची को बरामद किया। पुलिस दीवाल और एक छड़ी पर बने चोरों के फिंगर प्रिंट के आधार पर मामले में जांच पड़ताल कर रही है। पुलिस का अनुमान है कि इस भीषण चोरी में आसपास का भी कोई व्यक्ति संलिप्त हो सकता है। इस संबंध में थानाध्यक्ष ब्रजभूषण सिंह ने बताया कि थाना क्षेत्र में लगातार हो रहे चोरी से बाहर से आए चोर गिरोह इस इलाके में सक्रिय हैं। शक की सुई थावे के एक लाज में रह रहे कुछ अनजान लोगों की तरफ भी घूम रही है। पुलिस इन सभी बिंदुओं पर गहनता से जांच पड़ताल कर रही है।