Bihar Local News Provider

उचकागांव: शंकर सहनी हत्याकांड में मुख्य आरोपित व उसका भाई गिरफ्तार

उचकागांव थाना क्षेत्र के बरारी जगदीश गांव में अपनी बेटी का कन्यादान कर रहे शंकर सहनी की मंडप से खींच कर गोली मार कर हत्या करने के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित तथा उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया। इस हत्याकांड में पुलिस पहले ही दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। इस हत्याकांड में मृतक के भाई संतोष सहनी ने 11 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस फरार चल रहे शेष सात आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी अभियान चला रही है। मंगलवार को बरारी जगदीश गांव के शंकर सहनी की पुत्री रिकू कुमारी की शादी थी। बरातियों के ठहरने के लिए घर के सामने खेत में पंडाल लगाया गया था। शाम को द्वार पूजा के बाद बराती पंडाल में बैठ कर नाच कार्यक्रम देख रहे थे। तभी इस गांव का एक युवक स्टेज पर चढ़ कर नर्तकी के साथ अश्लील गाने पर डांस करने लगा। बरातियों के विरोध करने पर लड़की के भाई ने युवक को मंच से उतार दिया। जिस पर युवक धमकी देते हुए चला गया। रात एक बजे युवक दस बारह युवकों के साथ हथियार लेकर शंकर सहनी के घर पहुंच गया तथा घर में घुस कर कन्यादान कर रहे शंकरी सहनी को मंडल से खींच कर खेत में ले जाकर उनकी गोल मार कर हत्या कर दी गई। इस घटना को लेकर मृतक के भाई संतोष सहनी ने अमरजीत सहनी, मनोज सहनी सहित एक ही परिवार के 11 लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस ने 24 घंटे के अंदर इस हत्याकांड के आरोपित मुकेश सहनी उर्फ बब्लू तथा करण सहनी उर्फ पोला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसी हत्याकांड में पुलिस ने शुक्रवार की रात मुख्य आरोपित अमरजीत सहनी तथा इसके भाई अर्जुन सहनी के गिरफ्तार कर लिया। आरोपित अर्जुन साहनी पूर्व सांसद जनक राम का वाहन चालक बताया जाता है। हालांकि पुलिस इस हत्यकांड में प्रयुक्त की गई पिस्तौल को बरामद नहीं कर सकी है। पुलिस फरार चल रहे मनोज सहनी सहित शेष सात आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।