Bihar Local News Provider

उचकागांव: प्रखंड राजद अध्यक्ष से मांगी 15 लाख की रंगदारी

उचकागांव प्रखंड राजद अध्यक्ष सह हरपुर पंचायत के मुखिया रहमत अली से अज्ञात अपराधियों ने 15 लाख रुपए की रंगदारी की मांग की है। रंगदारी नहीं देने पर जान से मारने की धमकी भी दी है। मामले में राजद नेता सह मुखिया रहमत अली उचकागांव थाने में लिखित शिकायत दी है। रंगदारी मांगे जाने व जान मारने की धमकी दिए जाने से रहमत अली व उनके परिवार के लोग दहशत में हैं। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। बताया जाता है कि अज्ञात अपराधियों ने रविवार की रात में प्रखंड राजद अध्यक्ष सह मुखिया रहमत अली के मोबाइल पर फोन कर 15 लाख रुपए की रंगदारी मांगी। रंगदारी नहीं देने पर गोली मारने की धमकी दी। रंगदारी मांगे जाने के बाद मुखिया रहमत अली ने उचकागांव पुलिस को फोन कर इसकी सूचना दी। इसके बाद पुलिस ने उनके बयान पर थाने में रंगदारी की एफआईआर दर्ज की। उचकागांव के थानाध्यक्ष राजीव नंदन सिन्हा ने बताया कि मामले की गंभीरता से छानबीन की जा रही है। मोबाइल नंबर को खंगाला जा रहा है। उल्लेखनीय है कि इसके पूर्व भी मुखिया के पुत्र सफी आलम से रंगदारी की मांग करने के साथ जान मारने की धमकी दी गई थी। तब पुलिस को लिखित शिकायत की गई थी।


Comments

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *