Bihar Local News Provider

थावे महोत्सव : जमीन की व्यवस्था होने पर थावे में खुलेगा पर्यटन विभाग का होटल: मंत्री

राज्य सरकार पर्यटन को उद्योग को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। सरकार इसे रोजगार का माध्यम बना रही है। हर ऐतिहासिक व धार्मिक स्थलों के पर्यटन की दृष्टि से विकसित करने के लिए रोड मैप बना कर काम चल रहा है। थावे में जमीन की व्यवस्था होने पर यहां पर्यटन विभाग का एक होटल सह यात्री विश्रामालय खोला जाएगा। ये बातें राज्य के पर्यटन मंत्री कृष्ण कुमार ऋषिदेव ने मंगलवार को थावे में आयोजित दो दिवसीय थावे महोत्सव के उद्घाटन के बाद अपने संबोधन में कही। उन्होंने कहा कि थावे दुर्गा मंदिर एक बड़ा धार्मिक स्थल है। यहां पर्यकटीय दृष्टि से विकास कार्य की जरूरत है। आने वाले दिनों में जरूरी होने पर यहां पर्यटक केन्द्र की भी स्थापना की जाएगी। इसके तहत विभाग का मंडप,चहारदिवारी,पार्क,यात्री शेड का निर्माण कराया जाएगा। कहा कि सरकार शक्ति सर्किट बना कर मां दुर्गे से जुड़े स्थलों को जोड़ने व उसके विकास के काम में जुटी है। इसी तरह शिव सर्किट,जैन सर्किट व बुद्ध सर्किट के विकास के लिए रोड मैप तैयार किया गया है। इसके लिए केन्द्र सरकार भी राशि दे रही है। राज्य सरकार के पास भी राशि की कमी नहीं है। आज पर्यटन विभाग का बजट तीन सौ करोड़ से अधिक का हो गया है। मंत्री ने कहा कि थावे के सौंदर्यीकरण व विकास के लिए राशि की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। यदि जमीन की व्यवस्था जिला प्रशासन की पहल से हो गई तो मार्च से पहले राशि आवंटित कर दी जाएगी। कहा कि राज्य सरकार पर्यटक स्थलों का विकास कर खासकर बाहर से आने वाले पर्यटकों का शानदार स्वागत करना चाहती है। उन्हें तमाम सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दे रही है। ताकि ये बाहर जाकर बिहार का नाम रौशन कर सके। ब्रांड अंबेसडर बन सके। इस बिहार की गौरव गाथा देश-विदेश में फैलेगी। उन्होंने कहा कि थावे टीलानुमा जगह है। वे पुरातत्व विभाग से यहां की खुदाई कराने की भी अनुशंसा करेंगे। ताकि यहां की धरती में छुपे राज उजागर हो सके। उद्घाटन सत्र को राज्य के समाज कल्याण मंत्री राम सेवक सिंह,सांसद डॉ. आलोक कुमार सुमन,विधायक मिथिलेश कुमार तिवारी,सुबास सिंह आदि लोगों ने भी संबोयधित किया। स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने एक स्वर से थावे के विकास व सौंदर्यीकरण की मांग की। इसके पूर्व पर्यटन मंत्री व अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्जवलित कर थावे महोत्सव का उद्घाटन किया। मौके पर डीएम अरशद अजीज,डीआई विजय कुमार वर्मा,एसपी मनोज तिवारी,डीडीसी सज्जन आर आदि भी अधिकारी भी उपस्थित थे।