Bihar Local News Provider

थावे: घर में घुसे चोर उड़ा ले गए लाखों की संपत्ति

थावे थाना क्षेत्र के गजाधरटोला गांव में गुरुवार की रात घर में घुसे चोरों ने हजारों रुपये कीमत का सामान चुरा लिया। शुक्रवार की सुबह शौच के लिए गांव के समीप पोखरा की तरफ गए कुछ ग्रामीणों ने वहां खाली अटैची पड़ा हुआ देखा। गृहस्वामी से इस घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
बताया जाता है कि गजाधर टोला गांव निवासी रामरेखा यादव तथा उनके परिवार के सदस्य गुरुवार की रात खाना खाने के बाद घर के छत पर सोने चले गए। इस बीच देर रात यहां पहुंचे चोर छत के रास्ते घर में प्रवेश कर एक तथा 40 हजार रुपया नकद, गहना सहित हजारों रुपये कीमत के सामान चुरा कर मुख्य दरवाजा खोल कर फरार हो गए। बताया जाता है कि शुक्रवार की सुबह जगने पर छत से घर में आई महिलाओं ने घर में सामान बिखरा पड़ा देखकर शोर मचाने लगी। शोर सुन छत से घर में आए परिजनों ने चोरों की तलाश शुरू किया। इसी दौरान शौच के लिए गांव के पोखरा की तरफ गए कुछ ग्रामीणों ने वहां दो खाली अटैची पड़ा देखा। रामरेखा यादव ने बताया कि उनकी बेटी मायके आई थी। इस बीच उसके पति के विदेश जाने की फ्लाइट को देखते हुए वह अपने ससुराल चली गई। घर में उसके अटैची में रखा गया गहना तथा कपड़ा भी चोरों ने चुरा लिया। गृहस्वामी से इस चोरी की सूचना मिलने के बाद पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।