Bihar Local News Provider

थावे: 72 घंटे बाद सामान्य नहीं हुई धतिवना की स्थिति

धतिवना गांव में धार्मिक स्थल पर चल रहे निर्माण कार्य को तोड़े जाने के बाद हुए बवाल की घटना के 72 घंटे बाद भी गांव की स्थिति सामान्य नहीं हो सकी है। घटना के तीसरे दिन भी सन्नाटा पसरा रहा। इस बीच पुलिस घटना में संलिप्त लोगों की धर पकड़ के लिए छापेमारी अभियान में जुटी रही।
जानकारी के अनुसार धतिवना गांव में गुरुवार को निर्माणाधीन धार्मिक स्थल की नींव तोड़े जाने के बाद गांव में दो गुटों में तनाव की स्थिति पैदा हो गई थी। जब पुलिस पहुंची तो उग्र लोगों ने पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इस घटना में आधा दर्जन पुलिस कर्मी घायल हो गए। इस घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया। इस मामले में 31 नामजद सहित 181 लोगों पर प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए 22 लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस अन्य लोगों की धर पकड़ के लिए अभियान में जुटी है। ऐसे में गांव के कई परिवारों के लोग घर छोड़कर फरार हो गए हैं। गांव में पुलिस बल की मौजूदगी के कारण लोग घरों से बाहर कम निकल रहे हैं। बहरहाल गांव में करीब डेढ़ सौ पुलिस कर्मियों की मौजूदगी के कारण गांव का माहौल सामान्य नहीं हो सका है। हालांकि पुलिस गांव में स्थित सामान्य होने का दावा कर रही है।
पुलिस की देखरेख में चल रहा निर्माण कार्य:
तोड़फोड़ करने की घटना के बाद जिलाधिकारी अमिनेश कुमार पराशर व एसपी बाबू राम के निर्देश पर निर्माण कार्य पुलिस की देखरेख में कराया जा रहा है। धतिवना गांव में पुलिस निर्माण स्थल पर कैंप कर रही है। वहीं दूसरी ओर पुलिस बल के दर्जनों जवान दिन-रात गांव में गश्त कर रहे हैं। ताकि किसी प्रकार की कोई अप्रिय घटना नहीं हो।