Bihar Local News Provider

सिधवलिया: दूसरी बेटी से लड़ाया इश्क तो ससुर ने दामाद की कर दी कत्ल

दूसरी बेटी से इश्क लड़ाने पर ससुर ने अपने दामाद की कत्ल की थी। कत्ल का जुर्म कबूला है हत्याकांड में गिरफ्तार ससुर व उसके साथी ने। गिरफ्तार ससुर व उसका साथी सिधवलिया थाने के बुधसी गांव के रहने वाले हैं। थानाध्यक्ष विनय प्रताप सिंह ने बताया कि महम्मदपुर थाने के सिधवलिया चंवर में पिछले 16 अप्रैल को बरामद किए गए युवक के शव की पुलिस ने शिनाख्त कर ली है। वह सीवान जिले के भगवानपुर थाने के कौड़ियां गांव का निवासी संजय साह था। हत्या के मामले में पकड़े गए ससुर व उसके साथी ने पूछताछ के बाद अपना जुर्म कबूला है। पकड़े गए आरोपित ससुर ने पुलिस को बताया है कि उसकी छोटी बेटी से उसका दामाद प्रेम करता था। बार-बार समझाने के बाद भी वह अपनी जिद पर था। काफी समझाने के बाद भी जब वह मानने को तैयार नहीं हुआ तो उसने अपने साथियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर शव को सिधवलिया चंवर में फेंक दिया था। शव बरामद करने के बाद महम्मदपुर थानाध्यक्ष विनय प्रताप सिंह ने खुद अपने बयान पर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की तफ्तीश की थी। घटना के करीब एक माह बाद उन्होंने जांच के बाद कांड का खुलासा किया। थानाध्यक्ष ने बताया कि संजय की हत्या के मामले में अन्य कई लोग भी शामिल हैं। पुलिस उन्हें चिह्नित कर रही है।