Bihar Local News Provider

सत्ता संग्राम: लू बरसाती गर्मी भी नहीं डिगा पाई मतदाताओं को, किया 59 फीसदी मतदान!

जिले के 1906 बूथों पर रविवार को शांति पूर्ण माहौल में मतदान संपन्न हो गया। इसके साथ ही 13 प्रत्याशियों की किस्मत ईवीएम में बंद हो गई। मुख्य मुकाबला जदयू के डॉ.आलोक कुमार सुमन और राजद के सुरेंद्र राम उर्फ महान के बीच है। अब 23 मई को पता चलेगा कि किस पर जनता फिदा हुई।
सुरक्षा की चाक चौबंद व्यवस्था के बीच यहां 59.20 फीसद मतदान हुआ। गर्मी और कड़ी धूप के बावजूद मतदाताओं में मतदान के लिए जोश देखते बन रहा था। हर उम्र के मतदाता वोट देने के लिए उत्सुक दिखे। पहली बार वोट करने के बाद कई मतदाता सेल्फी लेने में व्यस्त रहे। उन तस्वीरों को वे सोशल मीडिया पर शेयर भी करते रहे।
सुबह से ही लग गई थी लंबी कतार
छह विधानसभा क्षेत्रों वाले इस संसदीय क्षेत्र में सुबह से ही मतदान केंद्रों पर वोटरों की लंबी कतार लग गई थी। सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ और दिन चढऩे के साथ ही मतदान का प्रतिशत बढ़ता गया। भीषण गर्मी भी मतदाताओं के उत्साह को कम नहीं कर पाई। आधी आबादी तो कुछ इस तरह निकली जैसे कि आज चूक गए तो हमेशा के लिए चूक गए। अंदाज फैसला कर देने वाला रहा।
कई बूथों पर इवीएम में आयी खराबी
कई मतदान केंद्रों पर ईवीएम में खराबी के कारण मतदान में बाधा भी आई। मतदान कुछ देर से शुरू हुआ। उन्हीं में से एक बैकुंठपुर में बनजरिया मतदान केंद्र संख्या 47 रहा। वहां तकरीबन घंटे भर मतदान बाधित रहा। कुचायकोट प्रखंड के बूथ संख्या 108 पर मतदान के दौरान दो बार ईवीएम में खराबी आई। मांझा के धर्मपरसा मतदान केंद्र पर कुछ युवकों ने निर्दलीय प्रत्याशी सूरज कुमार को मारपीट कर उनका कपड़ा फाड़ दिया। इन छिटपुट घटनाओं को दरकिनार कर दें तो मतदान शांतिपूर्ण संपन्न हुआ।
2014 के नतीजे
जनक राम (भाजपा): 478773
डॉ. ज्योति भारती (कांग्रेस): 191837
अनिल कुमार (जदयू): 100419
जीत-हार का अंतर : 286936
2009 के नतीजे
पूर्णमासी राम (जदयू): 200019
अनिल कुमार (राजद): 157548
जनक राम (बसपा): 47544
जीत-हार का अंतर: 42471