Bihar Local News Provider

फुलवरिया: न्याय के लिए तीन थानों का चक्कर लगा रही महिला

बीते बीस जनवरी को अपने ससुराल से गायब अपनी बेटी की तलाश करते-करते फुलवरिया थाना क्षेत्र के मजिरवां तीन टोलवा गांव निवासी राजमती देवी अब थक चुकी है। वह अपनी बेटी की खोजबीन के लिए कटेया, पंचदेवरी ओपी का चक्कर लगाने के बाद महिला थाना पहुंची। थाना पहुंचने के बाद उसने थानाध्यक्ष कुमकुम कुमारी से अपनी आपबीती को बताते हुए रो पड़ी। महिला की बात को सुनने के बाद महिला थानाध्यक्ष ने उसके आवेदन को लेकर पूरे मामले की जांच का आश्वासन दिया।
बताया जाता है कि फुलवरिया थाना क्षेत्र के मजिरवां तीन टोलवा गांव निवासी राजमती देवी ने अपनी पुत्री तारा कुमारी की शादी कटेया थाना क्षेत्र के बनकटा गांव निवासी सतेंद्र सिंह के साथ तीन साल पूर्व किया था। शादी के बाद ससुराल पक्ष के लोग उसे दहेज के लिए हमेशा प्रताड़ित करते थे। इसी बीच गत बीस जनवरी को उनकी पुत्री ससुराल से गायब हो गई। जब महिला अपनी बेटी के ससुराल पहुंचकर अपनी बेटी के बारे में जानकारी देने का प्रयास करने लगी तो उसे उसकी बेटी के ससुराल के लोगों ने गाली देते हुए घर से भगा दिया। जिसके बाद वह न्याय के लिए कटेया थानाध्यक्ष के पास पहुंची। लेकिन थानाध्यक्ष ने उसकी मदद करने के बदले उसे पंचदेवरी ओपी में भेज दिया। ठीक उसी तरह पंचदेवरी ओपी प्रभारी ने भी उसे टालते हुए महिला थाना भेज दिया। महिला थानाध्यक्ष कुमकुम कुमारी को अपना दर्द सुनाते हुए महिला रोने लगी। जिसके बाद महिला थानाध्यक्ष ने उसे आश्वासन दिया कि पूरे मामले की जांच की जाएगी।