Bihar Local News Provider

फुलवरिया: जटहां में सो रहे किसान की गला दबाकर हत्या

फुलवरिया थाना क्षेत्र के जटहां गांव में अपने आवासीय झोपड़ी के सामने कुछ दूरी पर चचरी पर सो रहे एक किसान की शनिवार की सुबह चार बजे गला दबाकर हत्या कर दी गई। सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष प्रेमप्रकाश राय ने किसान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वारदात का कारण जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद बताया जाता है। किसान के परिजनों ने अपने ही एक पट्टीदार, उसकी पत्नी व पुत्र-पुत्री पर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
जटहां गांव निवासी स्व. काशीनाथ सिंह के 35 वर्षीय पुत्र संजय सिंह का अपने पट्टीदार से जमीन के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। शुक्रवार को उनका पट्टीदार के साथ नोंकझोंक भी हुआ था। शुक्रवार की रात संजय सिंह चचरी पर सो रहे थे। इसी बीच शनिवार की सुबह चार बजे इनकी गला दबाकर हत्या कर दी गई। बताया जाता है कि सुबह काफी देर बाद भी संजय सिंह घर नहीं आए तो परिजन वहां गए तो देखा कि वे मृत पड़े थे। परिजनों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। थानाध्यक्ष के साथ मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। बताया जाता है कि संजय सिंह खेतीबारी कर अपने परिवार की जीविका चलाते थे। इनके चार बच्चे सात वर्षीय साजन कुमारी, पांच वर्षीय सोनी कुमारी, ढाई वर्षीय कुणाल कुमार तथा छह माह की पुत्री शिवानी है। पति की हत्या की खबर मिलते ही सुनीता देवी बेसुध हो गई। मामले में परिजनों ने अपने पट्टीदार संकुल समन्वयक बिहारीलाल सिंह, उनकी पत्नी, पुत्र व पुत्री पर गला दबाकर हत्या करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में पूछे जाने पर थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों से आवेदन नहीं मिला है। मामले की जांच की जा रही है।