Bihar Local News Provider

फुलवरिया: गिदहां गांव में पुलिस टीम पर हमला, एएसआइ सहित दो घायल

फुलवरिया के श्रीपुर ओपी के गिदहां गांव में भूमि विवाद मामले की जांच करने गई पुलिस टीम पर दो दर्जन लोगों ने लाठी डंडा से हमला कर दिया। इस हमले में एएसआइ लालू प्रसाद मल्लाह तथा होमगार्ड प्रमोद कुमार ठाकुर घायल हो गए। इस घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पुलिस के साथ पहुंचे थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। घायल एएसआइ व होमगार्ड का इलाज रेफरल अस्पताल फुलवरिया में किया गया। इस घटना को लेकर छह नामजद तथा 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।
बताया जाता है कि गिदहां गांव निवासी रामचंद्र महतो की पत्नी शांति देवी ने भूमि विवाद को लेकर मारपीट का आरोप लगाते हुए अपने ही गांव के निवासी सुरेंद्र महतो तथा नंदकुमार महतो के विरुद्ध थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। इस केस के अनुसंधानकर्ता एएसआइ लालू प्रसाद मल्लाह बनाए गए हैं। इसी केस के सिलसिले में जांच करने अनुसंधानकर्ता पुलिस टीम के साथ गिदहां गांव गए थे। इसी बीच विवादित स्थल पर ही प्राथमिकी दर्ज कराने वाली शांति देवी को उनके विरोधी पुलिस के समक्ष ही मारने लगे। जिसे देखकर पुलिस के जवानों ने बीच बचाव किया तो दो दर्जन लोगों ने लाठी-डंडा से उन पर हमला कर दिया। पुलिस के जवानों पर हमला होते देख एएसआइ वाहन उतर कर हमलावरों को समझाने के लिए गए तो उन पर लाठी-डंडा से हमला कर दिया गया। इस हमले में एएसआइ लालू प्रसाद मल्लाह तथा होमगार्ड प्रमोद कुमार ठाकुर घायल हो गए। इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष मनोज कुमार सिंह ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपित ढुनमुन चौधरी, इसका पुत्र अमोल चौधरी व मुन्ना चौधरी बताए जाते हैं। इस घटना को लेकर घायल एएसआइ के आवेदन पर गिरफ्तार पिता व पुत्र के अलावे अमर चौधरी, सुरेंद्र महतो, नंदकुमार महतो सहित आधा दर्जन नामजद तथा 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।