Bihar Local News Provider

मांझा: भोजपुरी गीत बजाने का विरोध करने पर किसान को गोली मारी

मांझा थाना क्षेत्र के झंझवा गांव में डीजे पर भोजपुरी गाना बजाने का विरोध करने पर कुछ युवकों ने एक किसान के दरवाजे पर चढ़ कर उन्हें गोली मार दी। घटना के बाद मौके पर घंटों अफरातफरी का माहौल बना रहा। घायल अवस्था में किसान को इलाज के लिए आसपास के लोगों ने सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनका इलाज चल रहा है।
बताया जाता है कि मांझा थाना क्षेत्र के झंझवा निवासी रविंद्र सिंह अपने दरवाजे पर बैठकर अपने परिवार के सदस्यों के साथ बातें कर रहे थे। इसी बीच गांव के दर्जनों युवक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर डीजे लेकर उनके दरवाजे के सामने ही भोजपुरी गीत बजाने लगे। गीत की आवाज सुनकर किसान रविंद्र सिंह ने भोजपुरी गीत बजाने से युवकों को मना करने लगे। गीत बजाने से रोके जाने पर युवक अचानक आक्रोशित हो गए तथा रविंद्र सिंह को गाली देते हुए उनके दरवाजे पर पहुंच गए। आसपास के लोगों ने उन्हें समझाकर वापस भेज दिया। इसके करीब आधा घंटा बाद दर्जनों युवक रविंद्र सिंह के दरवाजे पर पिस्तौल व तलवार लेकर पहुंच गए तथा फाय¨रग शुरू कर दी। इसी बीच एक गोली रविंद्र सिंह को जा लगी। गोली लगते ही युवक भाग निकलने में सफल हो गए। तत्काल परिजनों ने घायल किसान को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उनका इलाज चल रहा है। इस संबंध में पूछे जाने पर थानाध्यक्ष मनीष कुमार ने बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस गांव में पहुंच कर मामले की जांच पड़ताल कर रही है। घायल का बयान दर्ज होने के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।