Bihar Local News Provider

कटेया : ट्रैक्टर की चपेट में आने से महिला की मौत

प्रखंड क्षेत्र के बइसियां मोड़ के समीप रविवार को एक अनियंत्रित ट्रैक्टर की चपेट में आ जाने से एक महिला की मौत हो गई। घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए तथा मृत महिला के परिवार के लोगों को उचित मुआवजा दिलाए जाने की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची कटेया थाने की पुलिस ने उग्र लोगों को समझाकर शांत किया तथा मृत महिला के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार कटेया थाना क्षेत्र के बैदवली गांव के अमोद पाण्डेय की 42 वर्षीया पत्नी सविता देवी अपने चार वर्षीय पुत्र राज पाण्डेय का इलाज कराने अपनी बड़ी बेटी निधि कुमारी के साथ कटेया गई थी। कटेया से इलाज कराकर वह अपनी पुत्री व बेटे के साथ वापस घर लौटरहा थी। जैसे ही महिला बइसियां मोड़ के समीप पहुंची, ईंट लदे एक अनियंत्रित ट्रैक्टर ने महिला को टक्कर मार दिया। इस घटना में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उनका चार वर्षीय पुत्र राज पाण्डेय इस घटना में बाल-बाल बच गया। चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकलने में सफल हो गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर आसपास के लोगों ने मृत महिला के परिवार के लोगों को मुआवजा दिलाए जाने की मांग को लेकर काफी देर तक प्रदर्शन किया। सूचना के बाद मौके पर पहुंचे कटेया थानाध्यक्ष अश्विनी कुमार तिवारी ने घटना की जांच पड़ताल की। थानाध्यक्ष ने बताया कि ट्रैक्टर को जब्त कर लिया गया है। पुलिस कार्रवाई में जुट गयी है। उधर महिला की मौत की खबर उनके घर पहुंचने के बाद काफी देर तक चीख पुकार मची रही।