Bihar Local News Provider

कटेया: शिक्षक के घर डकैती, परिजनों को बंधक बना 10 लाख की संपत्ति लूटी

कटेया थाने के कोल्हुआड़ बगही गांव में बुधवार की देर रात एक शिक्षक के घर पर धावा बोलकर डकैतों ने 47 हजार रुपए नगद व साढ़े नौ लाख के गहने लूट लिये। करीब अठारह-बीस की संख्या में पहुंच डकैतों ने परिवार के सदस्यों को बंधक बनाकर घटना को अंजाम दिया। दहशत फैलाने के लिए चार राउंड फायरिंग करते हुए चार बम भी फोड़े। मामले में शिक्षक संजय शर्मा ने एफआईआर के लिए थाने में एक आवेदन दिया है। थानाध्यक्ष अश्वनी तिवारी ने बताया कि मामले की तहकीकात व डकैतों की तलाश में छापेमारी की जा रही है। गृहस्वामी ने बताया कि रात लगभग ग्यारह बजे सशस्त्र डकैत छत के सहारे आंगन में प्रवेश कर गए। डकैतों ने उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद हथियार का भय दिखाकर परिवार के सभी सदस्यों को बंधक बना लिया। फिर लूटपाट करने लगे। इस दौरान हवाई फायरिंग भी की। डकैतों ने सभी चार कमरों से रखे आलमीरा व बक्से को तोड़कर रुपए व गहने लूट लिए। करीब एक घंटे तक लूटपाट करने के बाद डकैत एक बार फिर फायरिंग व बम विस्फोट करते हुए भाग गए। रात को करीब एक घंटे बाद पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन की।