Bihar Local News Provider

कटेया : दोस्त ने खोला डकैती कांड का राज, युवक गिरफ्तार

कटेया थाना क्षेत्र के कल्हुआड बगही गांव में एक शिक्षक के घर पड़ी डकैती का राज इस डकैती में शामिल एक युवक के दोस्त ने ही खोल दिया। डकैती में शामिल एक युवक भाग कर पूणे चला गया था। वहां उसने अपने एक दोस्त से इस डकैती के बारे में बताया। दोस्त ने युवक के बयान का वीडियो बनाकर उसे कटेया थानाध्यक्ष के पास भेज दिया। वीडियो मिलने के बाद जांच पड़ताल कर पुलिस ने इस डकैती कांड का पर्दाफाश करते हुए कटेया थाना क्षेत्र के देवरिया गांव में छापेमारी कर डकैती कांड में शामिल युवक को गिरफ्तार कर लिया। शिक्षक के घर पड़ी डकैती में उनके पड़ोसी ने ही अपराधियों के लिए रेकी की थी। गिरफ्तार युवक से पूछताछ करने के बाद पुलिस इस डकैती कांड में शामिल अपराधियों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।
 
बताया जाता है कि 29 मई 2019 की रात कल्हुआड बगही गांव निवासी शिक्षक संजय शर्मा के घर पर 15-16 की संख्या में हथियार बंद डकैतों ने धावा बोल कर करीब दस लाख से अधिक कीमत की संपत्ति लूट लिया था। इस दौरान डकैतों ने फायरिग व बम विस्फोट कर दहशत फैला दिया था। इस मामले में शिक्षक संजय शर्मा के आवेदन पर अज्ञात डकैतों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू किया। लेकिन डकैतों के बारे में पुलिस को जानकारी नहीं लग सकी। बताया जाता है कि इस बीच इस डकैती में शामिल एक युवक भाग का पूणे चला गया तथा एक कंपनी में काम करने लगा। उसी कंपनी में उसी गांव का एक युवक भी काम करता है। आपसी बातचीत के दौरान एक दिन डकैती कांड में शामिल युवक ने अपने दोस्त को शिक्षक के घर पड़ी डकैती में खुद के शामिल होने की बात बताते हुए इस डकैती में शामिल अन्य अपराधियों के बारे में बता दिया। इस दौरान दोस्त ने डकैती कांड में शामिल युवक के बयान का चुपके से वीडियो बना लिया तथा बाद में वीडियो को कटेया थाना के थानाध्यक्ष अश्विनी तिवारी के पास भेज दिया।
[the_ad id=”11213″]
वीडियो के आधार में डकैती कांड में शामिल अपराधियों की पहचान करने के बाद पुलिस ने सोमवार की रात थाना क्षेत्र के देवरिया गांव में छापेमारी के कल्हुआड बगही गांव निवासी सौदागर अली के पुत्र परवेज अंसारी को गिरफ्तार कर लिया। पूणे से वापस आने के बाद यह अपने नाना के घर रह रहा था। इस संबंध में थानाध्यक्ष ने बताया कि पूछताछ के दौरान आरोपित युवक परवेज अली ने यह स्वीकार किया है कि शिक्षक के घर पड़े डकैती में वह शामिल था। उसने इस डकैती में शामिल 15 और अपराधियों के बारे में भी पूरी जानकारी दी है। थानाध्यक्ष ने बताया कि शिक्षक संजय शर्मा के पड़ोसी सुंदरकलश पांडेय ने डकैतों लिए शिक्षक के घर की रेकी की थी। इस डकैती में गिरफ्तार किए गए परवेज अंसारी के साथ ही सुंदरकलश पांडेय, कुख्यात अपराधी रहे धमालु पांडेय का पुत्र विशाल पांडेय सहित 15 -16 अपराधी शामिल थे। पूछताछ करने के बाद पुलिस ने गिरफ्तार किए गए आरोपित को न्यायिक हिरासत में भेज दिया। गिरफ्तार किए गए आरोपित की निशानदेही पर पुलिस डकैती कांड में शामिल अन्य आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।