Bihar Local News Provider

कटेया : पैक्स अध्यक्ष हत्याकांड में पूर्व पैक्स अध्यक्ष सहित तीन पर प्राथमिकी

कटेया थाना क्षेत्र के पकहा घाट त्रिमुहानी पर रविवार को पैक्स अध्यश शंभू जायसवाल को चाकू घोंप कर हत्या कर देने के मामले में पुलिस ने मृतका के पुत्र के बयान पर पूर्व पैक्स अध्यक्ष सहित तीन लोगों पर प्राथमिकी दर्ज एक आरोपित महिला को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अन्य दो आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।
रविवार को थाना क्षेत्र के समोगर निवासी करकटहा पैक्स अध्यक्ष शंभू जायसवाल पैक्स में गबन की प्राथमिकी दर्ज होने को लेकर धमकी मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कराने अपने पुत्र के साथ थाना जा रहे थे। तभी पकहा घाट त्रिमुहानी पर इन्हें चाकू घोंप दिया। इस दौरान चाकू हमले में इनके दो पुत्र भी घायल हो गए। इस घटना के बाद आसपास के लोगों ने गंभीर रूप से घायल पैक्स अध्यक्ष को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन उनकी हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने गोरखपुर रेफर कर दिया। गोरखपुर ले जाते समय रास्ते में पैक्स अध्यक्ष शंभू जायसवाल की मौत हो गई। इस घटना को लेकर मृतक के पुत्र सत्यवान जायसवाल के बयान पर थाना क्षेत्र के मिश्रौली गांव निवासी पूर्व पैक्स अध्यक्ष गोविद यादव, इसकी पत्नी इंद्रावती देवी तथ पुत्र संजय यादव के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिसमें आरोप लगाया गया है कि पूर्व पैक्स अध्यक्ष गोविद यादव ने अपने कार्यकाल में जमा वृद्धि व्यवसाय के तहत उपभोक्ताओं की जमा राशि में गबन किया था। इस मामले की प्राथमिकी पूर्व में प्रखंड सहकारिता पदाधिकारी ने दर्ज कराई है। इसी बीच रविवार की सुबह गबन की राशि जमा करने के लिए रविवार को पकहा स्थित मेरे हार्डवेयर की दुकान पर गोविद यादव पहुंचे तथा मेरे पिताजी से गबन की राशि जमा करने के लिए रुपया मांगा। रुपया देने से इन्कार करने पर पूर्व पैक्स अध्यक्ष धमकी देकर चले गए। इस घटना को लेकर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराने जा रहे थे। तभी पकहा घाट त्रिमुहानी पर हमें घेर कर चाकू से हमला कर दिया गया। जिसमें पैक्स अध्यक्ष शंभू जायसवाल, इनके पुत्र सत्यवान जायसवाल व शत्रुघ्न जायसवाल घायल हो गए। इलाज के लिए गोरखपुर ले जाते समय पैक्स अध्यक्ष की रास्ते में ही मौत हो गई। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित इंद्रावती देवी को गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस छापेमारी अभियान चला रही है।