Bihar Local News Provider

कटेया: नदी से किशोर का शव बरामद, हत्या की आशंका

पुलिस ने रविवार को प्रखंड क्षेत्र के गोईता टोला गांव के समीप खनुआ नदी से एक किशोर का शव बरामद किया। मृत किशोर इसी थाना क्षेत्र के डीह बेलही गांव का रोहित जायसवाल बताया जाता है। उधर मृत किशोर के परिवार के लोगों ने उसकी हत्या करने का आरोप गांव के ही चार लड़कों पर लगाया है। परिवार के लोगों की शिकायत के बाद पुलिस ने चारों आरोपित को हिरासत में ले लिया तथा पूछताछ के लिए कटेया थाना लेकर चली गई।
 
बताया जाता है कि कटेया थाना क्षेत्र के बेलही डीह गांव के राजेश जायसवाल के 15 वर्षीय पुत्र रोहित जायसवाल को उसके ही गांव के चार अन्य लड़के शनिवार की दोपहर नदी में नहाने के लिए बुलाकर ले गए। लेकिन शाम तक वह वापस घर नहीं लौटा। शाम तक रोहित के घर नहीं लौटने पर परिवार के सदस्यों ने उसकी खोजबीन की। लेकिन उसका कहीं भी सुराग नहीं मिला। इसी बीच रविवार की सुबह रोहित के साथ नहाने गए प्रियांशु भगत ने परिवार के लोगों को बताय कि खनुआ नदी में नहाते समय रोहित नदी में डूब गया। उसके बताने के बाद स्वजन एवं ग्रामीण बेलही खास गोइता टोला गांव के पास खनुआ नदी के किनारे पहुंचे तो नदी में उसका शव पड़ा मिला। सूचना के बाद मौके पर पहुंची कटेया थाने की पुलिस ने किशोर के शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
[the_ad id=”11917″]
उधर मृत किशोर की मां इंदु देवी ने आरोप लगाया है कि साथ नहाने गए लड़कों ने रोहित की नदी में डूबाकर हत्या कर दी। थानाध्यक्ष अश्विनी कुमार तिवारी ने मृत किशोर की मां की शिकायत के बाद चारों आरोपितों को हिरासत में ले लिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि किशोर के शव के पोस्टमार्टम के बाद ही इस बात का खुलासा हो सकेगा कि यह हत्या का मामला है अथवा नदी में डूबने का। बहरहाल हिरासत में लिए गए चारों आरोपित से पुलिस पूछताछ कर रही है।