Bihar Local News Provider

स्वास्थ्य समाचार : सर्द रात में सदर अस्पताल की बदइंतजामी पर बिफरे डीएम

जिला मुख्यालय स्थित सदर अस्पताल में न मरीजों को भोजन मिल रहा है और न ही गर्म पानी। बेड पर चादर नदारद है। ठंड से बचने के लिए कंबल या हीटर की व्यवस्था भी नहीं है। यह खुलासा हुआ डीएम अरशद अजीज के औचक निरीक्षण के दौरान। अस्पताल में चारों ओर गंदगी फैली थी। बदइंतजामी को देख डीएम बिफर पड़े। सीएस व अस्पताल प्रबंधक को डांट पिलायी। वे रात करीब 10 बजे डीएम सदर अस्पताल का औचक निरीक्षण करने पहुंचे थे। डीएम ने एक-एक वार्ड में व्यवस्था का जायजा लिया। मरीजों के बेड पर चादर नहीं बिछाए गए थे। मरीज कंबल के अभाव में ठंड से ठिठुर रहे थे। मरीजों ने उन्हें समस्याओं को सुनाया। मरीजों ने बताया कि बाहर से गर्म पानी लाना पड़ रहा है। शाम को भर्ती मरीजों को भोजन तक नहीं दिया गया था।
[the_ad id=”11213″]
मरीजों से की बातचीत:
औचक निरीक्षण के दौरान डीएम ने भर्ती मरीजों व उनके परिजनों से बातचीत भी की। जिसमें मरीजों ने कई तरह की कमियों की जानकारी दी। जिसमें आवश्यक संसाधन व दवा नहीं रहने की शिकायत दर्ज करायी। इसके अलावा भर्ती मरीजों ने चादर,कंबल व भोजन सहित गर्म पानी नहीं मिलने की शिकायत भी दर्ज करायी। डीएम ने सिविल सर्जन को सख्त हिदायत देते हुए सभी तरह की व्यवस्था करने का निर्देश दिया।
कार्रवाई के लिए प्रधान सचिव को लिखा पत्र:
सदर अस्पताल में व्याप्त कुव्यवस्था को लेकर डीएम ने सदर अस्पताल के हेल्थ मैनेजर व डीपीएम के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव को पत्र लिखा है। डीएम की इस कार्रवाई से स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मचा हुआ है।

निरीक्षण में काफी कमियां मिलीं हैं। इसमें सुधार लाने का निर्देश दिया गया है। जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए स्वास्थ्य विभाग के प्रधान सचिव को पत्र लिखा गया है।
अरशद अजीज,डीएम,गोपालगंज