Bihar Local News Provider

हथुआ: बाइपास सड़क से खेत में पलटी स्कार्पियो, दो की मौत

बस्ती से सिवान जा रही एक स्कार्पियो उचकागांव थाना क्षेत्र के मीरगंज बाइपास सड़क पर एक खेत में पलट गई। जिससे मौके पर ही एक व्यक्ति की मौत हो गई तथा चालक सहित तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। हादसे के बाद तीनों घायलों को भी इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां दो घायलों की हालत नाजुक देख चिकित्सक ने उन्हें पीएमसीएच पटना रेफर कर दिया। पटना ले जाते जाते समय एक घायल की रास्ते में ही मौत हो गई। सिवान के रुकंदीपुर गांव के निवासी एक मृतक तथा एक घायल सगे भाई थे। हादसे में मौके पर ही मारे गए व्यक्ति उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जिले के निवासी थे। घायल चालक उत्तर प्रदेश उत्तर प्रदेश के बस्ती जिले का निवासी है।
बताया जाता है कि सिवान जिले के दुरौंदा थाना क्षेत्र के रुकंदीपुर गांव निवासी परशुराम दुबे के पुत्र 30 वर्षीय शत्रुध्न दुबे उत्तर प्रदेश के गोरखपुर तथा इनके छोटे भाई रवि दुबे बस्ती जिले में एक कंपनी में काम करते थे। गुरुवार को दोनों भाई एक स्कार्पियो किराए पर लेकर अपने घर आ रहे थे। स्कार्पियो में उत्तर प्रदेश के अंबेडकर नगर जिले के वीरेंद्र पाण्डेय भी बैठे थे तथा बस्ती जिले का अजय कुमार स्कार्पिया चला रहा था। ये लोग रात में गोपालगंज होते हुए उचकागांव थाना क्षेत्र के मीरगंज के साहू जैन विद्यालय के कुछ आगे पहुंचे थे कि तभी चालक ने मीरगंज जाने वाली सड़क को छोड़ कर निर्माणाधीन बाइपास सड़क की तरफ स्कार्पियो घूमा दिया तथा निर्माणाधीन बाइपास सड़क को ब्लाक करने के लिए लगाए गए बोर्ड के पास मिट्टी के ढेर पर स्कार्पियो असंतुलित होकर पांच फीट नीचे खेत में पलट गई। जिससे मौके पर अंबेडकर नगर निवासी वीरेंद्र पाण्डेय की मौत हो गई तथा रुकंदीपुर निवासी शत्रुघ्न दुबे, इनके सगे भाई रवि दुबे तथा बेलोरो चालक बस्ती निवासी अजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हादसे की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां रवि दुबे तथा शत्रुघ्न दुबे की हालत गंभीर देखते चिकित्सकों ने उन्हें पटना रेफर कर दिया। पटना ले जाते समय रास्ते में ही घायल रवि दुबे की मौत हो गई। घायल चालक का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच पड़ताल कर रही है।
जिस दिन दोंगा था, उसी दिन उठी अर्थी:
सिवान के दुरौंदा थाना क्षेत्र के रुकंदीपुर गांव निवासी रवि दुबे का शुक्रवार को ही दोंगा था। दोंगा कराने के लिए ही रवि दुबे, उसके बड़े भाई शत्रुघ्न दुबे गुरुवार को अपने साथी अंबेडकर नगर जिले के निवासी वीरेंद्र पाण्डेय के साथ स्कार्पियो से अपने घर आने के लिए निकले थे। लेकिन होनी को तो कुछ और ही मंजूर थे। उचकागांव थाना क्षेत्र के मीरगंज बाइपास सड़क पर स्कार्पियो पलट गई। जिसमें वीरेंद्र पाण्डेय तथा रवि दुबे की मौत हो गई। हादसे में मौत के बाद शुक्रवार की सुबह मृतक रवि दुबे का शव उनके गांव ले जाया गया तथा जिस दिन दोंगा तथा उसी दिन हादसे में मारे गए रवि दुबे की अर्थी उनके से उठी। मृतक के बड़े भाई शत्रुघ्न दुबे की भी हालत नाजुक बनी हुई है। इनका इलाज पीएमसीएच में चल रहा है। हादसे में मौके पर ही मारे गए अंबेडकर नगर जिला निवासी वीरेंद्र पाण्डेय के बारे में रुकंदीपुर गांव निवासियों को कुछ पता नहीं है। यह अनुमान लगा जा रहा है कि स्कार्पियो इन्हीं की थी।