Bihar Local News Provider

हथुआ: सीएसपी संचालक से लूटकांड मामले का आरोपित गिरफ्तार

मीरगंज थाना क्षेत्र के जीन बाजार में स्थित एसबीआई से संबद्ध ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक को गोली मार कर 4.50 लाख रुपये लूटे जाने के मामले में चार नामजद सहित छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस ने बढ़ेया गांव में छापेमारी कर एक आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपित की निशानदेही पर पुलिस इस मामले में शामिल अन्य आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।
मीरगंज थाना क्षेत्र के कांधगोपी गांव निवासी रामाशंकर प्रसाद के पुत्र ब्रजनंदन कुमार जीन बाजार में ग्राहक सेवा केंद्र चलाते हैं। इनका ग्राहक सेवा केंद्र एसबीआई से संबद्ध है। मंगलवार को ब्रजनंदन कुमार ग्राहक सेवा केंद्र में बैठे थे। तभी दोपहर करीब दो बजे दो बाइक पर सवार होकर छह युवक ग्राहक सेवा केंद्र में पहुंच गए। ग्राहक सेवा केंद्र में पहुंचते ही युवकों ने लूटपाट शुरू कर दिया। जिसका विरोध करने पर संचालक ब्रजनंदन कुमार को गोली मार 4.50 लाख रुपया लूट कर अपराधी दो बाइक पर सवार होकर फरार हो गए थे। अपराधियों के फरार होने के बाद गोली की आवाज सुन मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने गोली लगने से गंभीर रूप से घायल संचालक को इलाज के लिए अनुमंडलीय अस्पताल हथुआ में भर्ती कराया। लेकिन उनकी हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें सिवान रेफर कर दिया। इस घटना को लेकर गोली लगने से घायल ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक ब्रजनंदन सिंह के फर्द बयान पर मीरगंज थाना क्षेत्र के साहिबा चक गांव निवासी सचिन सिंह, राजकिशोर प्रसाद, प्रिंस तिवारी व दीपक उपाध्यक्ष को नामजद करते हुए छह लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने आरोपितों की धरपकड़ के लिए छापेमारी अभियान शुरू कर दिया। इसी बीच गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने थाना क्षेत्र के बढ़ेया गांव में छापेमारी कर लूटकांड के आरोपित राजकिशोर प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार किए गए आरोपित से पूछताछ करने के बाद पुलिस इस कांड में शामिल अन्य आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।