Bihar Local News Provider

हथुआ: बाइक के चढ़ने से पाइप फटने पर घर पर हमला, एक की मौत

मीरगंज थाना क्षेत्र के भागीरथी गांव में बाइक के चढ़ने से सड़क से होकर खेत में गई पाइप फट जाने से दो पक्ष के लोगों में विवाद हो गया। इस विवाद के बाद शुक्रवार की रात एक पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के घर पर हमला कर दिया। इस दौरान लाठी- डंडे से मारपीट कर पांच लोगों को गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया जिसमें से एक घायल की हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उन्हें गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। गोरखपुर से भी घायल को पीजीआइ लखनऊ रेफर कर दिया गया। लखनऊ जाते समय रास्ते में ही घायल की मौत हो गई। इस घटना को लेकर 13 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस छापेमारी अभियान चला रही है। बताया जाता है कि भागीरथी गांव निवासी बृजेश यादव शुक्रवार की शाम बोरिंग से पाइप लगाकर अपने खेत में पटवन का काम कर रहे थे। पाइप सड़क से होकर गुजरी थी। इस बीच इसी गांव के निवासी अनिल यादव बाइक से कहीं जाने के लिए अपने घर से निकले। इस दौरान सड़क से होकर गुजर रही पाइप पर बाइक चढ़ गई जिससे पाइप फट गई। इसके बाद बाइक सवार अनिल यादव और बृजेश यादव के बीच विवाद हो गया। इस विवाद के बाद रात में बृजेश यादव और उनके परिवार के सदस्य लाठी-डंडा लेकर अनिल यादव के घर पहुंच गए तथा उन्हें मारने-पीटने लगे। बताया जाता है कि अनिल यादव के चिल्लाने पर उन्हें बचाने आये उनके चाचा बालेश्वर चौधरी, चाची सुगंधी देवी, सत्येंद्र यादव, गुड्डू कुमार और बबिता देवी को भी मारपीट कर घायल करने के बाद हमलावर वहां से चले गए। इस घटना के बाद सभी घायलों को इलाज के लिए अनुमंडल अस्पताल, हथुआ में भर्ती कराया गया जहां सभी घायलों की हालत गंभीर देख चिकित्सकों ने उन्हें सदर अस्पताल रेफर कर दिया। सदर अस्पताल में घायल बालेश्वर यादव की हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उन्हें मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। गोरखपुर से भी इन्हें पीजीआइ लखनऊ रेफर कर दिया। लखनऊ ले जाते समय घायल बालेश्वर यादव की मौत हो गई। इस घटना को लेकर अनिल यादव ने बृजेश यादव सहित 13 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्राथमिकी दर्ज करने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपित बृजेश यादव, शारदा चौधरी और औशियर चौधरी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अन्य आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस छापेमारी अभियान चला रही है।