Bihar Local News Provider

हथुआ: विद्यालय के कमरे में लटका मिला महिला का शव

थाना क्षेत्र के गौसिया स्थित बुनियादी विद्यालय के एक कमरे से रविवार को पुलिस ने एक 50 वर्षीया महिला का शव बरामद किया। महिला का शव विद्यालय में फंदे से लटका मिला। महिला की हत्या के बाद शव को फंदे से लटकाए जाने की आंशका व्यक्त की जा रही है। मृत महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
जानकारी के अनुसार रविवार की सुबह गौसियां गांव के लोगों ने बुनियादी विद्यालय के एक कमरे में अज्ञात 50 वर्षीया महिला की शव फंदे से लटका देखा। तत्काल गांव के लोगों ने इस बात की सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद घटनास्थल पर पहुंची पुलिस ने मृतका के शव को फंदे से उतारकर अपने कब्जे में ले लिया। गांव में ही पुलिस काफी देर तक मृत महिला की पहचान का प्रयास करती रही। लेकिन गांव के लोगों ने मृत महिला की पहचान नहीं की। स्थानीय लोगों ने महिला की हत्या कर शव को कमरे मे लटकाने की आशंका व्यक्त किया है। जबकि पुलिस इसे आत्महत्या मान रही है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि महिला का शव उसके ही साड़ी के फंदे में लटका हुआ था। पुलिस ने गौसियां गांव में काफी देर तक लोगों से पूछताछ की। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही इस बात का खुलासा हो सकेगा कि यह हत्या का मामला है अथवा आत्महत्या का।