Bihar Local News Provider

गोपालगंज: पछिया हवा पर सवार होकर पहुंची ठंड, गिरा पारा

पिछले आठ दिन से तापमान में गिरावट के बीच सोमवार को तेज पछिया हवा के बीच अचानक ठंड का असर बढ़ गया। उत्तर-पश्चिम से चल रही ठंडी हवाओं की वजह से न्यूनतम तापमान सोमवार की तड़के 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। सोमवार की सुबह ठिठुरन का अहसास रहा और लोग दिन के आठ बजे तक रजाई में दुबके दिखे। मौसम विशेषज्ञों के आकलन के मुताबिक ठंड का यह सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
वैसे रविवार को दिन में अच्छी धूप निकलने के कारण लोग अपने कामकाज में लगे दिखे। लेकिन रविवार को शाम ढलने के साथ ही पछिया हवा का प्रकोप दिखा। रात के नौ बजे के बाद ठंड का असर दिखने लगा। चंद घंटे में ही मौसम का मिजाज अचानक बदल गया और सोमवार को तापमान और नीचे गिर गिर गया। सोमवार की सुबह आसमान में बादलों के बीच तेज हवा के कारण दिन के दस बजे तक ठंड का असर अधिक दिखा। दिन के दस बजे के आसपास हल्की धूप निकलने के बाद लोगों ने कुछ राहत की सांस ली। मौसम विभाग की मानें तो अगले कुछ दिनों तक तेज हवा के प्रकोप के कारण ठंड का असर जारी रहेगा। अगले एक-दो दिन में रात के तापमान में दो से तीन डिग्री तक की गिरावट आएगी और रात का तापमान घटकर आठ डिग्री तक पहुंच सकता है। रात के अलावा दिन के तापमान में भी पांच डिग्री तक की गिरावट का अनुमान व्यक्त किया गया है। मौसम विशेषज्ञों की मानें तो अब पूरे दिसंबर माह के दौरान रात व दिन का तापमान कम बना रहेगा। जिसके कारण ठंड बढ़ेगी। ऐसे गिरा तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
तिथि न्यूनतम तापमान
4 दिसंबर 13.6
5 दिसंबर 12.7
6 दिसंबर 12.1
7 दिसंबर 12.1
8 दिसंबर 12.5
9 दिसंबर 11.2
10 दिसंबर 10.0