Bihar Local News Provider

गोपालगंज: नवादा गांव में दो पक्षों के बीच मारपीट, ट्रैक्टर फूंका

नगर थाना क्षेत्र के नवादा गांव में भूमि विवाद को लेकर शनिवार को दो पक्ष के लोग आपस में उलझ गए। इस बीच हुई मारपीट में तीन लोगों को घायल करने के बाद एक ट्रैक्टर में आग लगा दी गई। घटना के बाद आसपास के लोगों ने सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया।
जानकारी के अनुसार नगर थाना क्षेत्र के नवादा गांव निवासी प्रवीण कुमार दुबे की जमीन पर पड़ोस के लोग शनिवार को जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। जिसकी सूचना मिलने के बाद प्रवीण कुमार दुबे मौके पर पहुंच कर जमीन पर जबरन कब्जा का विरोध करने लगे। जिसे देखकर मौके पर मौजूद कुछ लोगों ने प्रवीण कुमार दुबे पर लाठी-डंडा से हमला कर दिया। इस दौरान प्रवीण कुमार दुबे सहित उनके परिवार के तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। वही इस दौरान हमलावरों ने एक ट्रैक्टर में आग लगा दिया। जिससे ट्रैक्टर जलकर राख हो गई। घटना की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची नगर थाने की पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है।