Bihar Local News Provider

गोपालगंज: तेजप्रताप सिंह हत्याकांड के आरोपितों के घर की होगी कुर्की

चर्चित तेजप्रताप सिंह अवधिया हत्याकांड के आरोपितों के घर की अब कुर्की जब्ती होगी। लगातार छापेमारी अभियान चलाने के बाद भी एक को छोड़ कर सभी आरोपित अभी भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। जिसे देखते हुए पुलिस ने फरार चल रहे आरोपितों के घर की कुर्की जब्ती के लिए कोर्ट में आवेदन देगी। इसी बीच पुलिस ने इस हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए मांझा तथा बरौली थाना क्षेत्र के विभिन्न ठिकानों पर छापेमारी किया। लेकिन पुलिस को आरोपितों का सुराग नहीं मिल सका। हालांकि इस बीच पुलिस ने यह दावा किया है कि शीघ्र ही सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
गोपालपुर थाना क्षेत्र के गुलौरा गांव निवासी तेजप्रताप सिंह अवधिया ने शहर के साधु चौक के समीप जमीन खरीदी थी। इस जमीन को लेकर कुछ लोगों से अवधिया का विवाद चल रहा था। भूमि विवाद से संबंधित मामला कोर्ट में भी चल रहा था। इसी बीच एक माह पूर्व तेजप्रताप सिंह अवधिया साधु चौक के समीप अपनी जमीन पर झोपड़ी बनाकर रहने लगे। जिससे विवाद और बढ़ गया था। इसी बीच चार दिन पूर्व रात में दो दर्जन के करीब हथियारबंद लोग वहां पहुंच गए। जिससे देखकर अवधिया बगल के एक मकान की छत पर चल गए। लेकिन हथियाबंद लोगों ने उन पर फायरिंग शुरू कर दी। करीब दो सौ राउंड फायरिंग में एक गोली अवधिया के सीने में लगी। जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इस घटना को लेकर मृतक की पत्नी शांति देवी ने 13 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई। प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस ने छापेमारी अभियान चला कर एक आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। लेकिन अन्य 12 आरोपित इस घटना के पांच दिन बाद भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। सोमवार की रात भी पुलिस ने बरौली तथा मांझा थाना के विभिन्न ठिकानों पर आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी अभियान चलाया। लेकिन पुलिस को आरोपितों का सुराग नहीं मिल सका। इस संबंध में पूछे जाने पर नगर इंस्पेक्टर संजय कुमार ने बताया कि टीपी सिंह हत्याकांड में फरार चल रहे आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए दियारा इलाके में भी छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। फरार चल रहे आरोपितों के घर की कुर्की के लिए कोर्ट में आवेदन दिया जा रहा है।


Comments

One response to “गोपालगंज: तेजप्रताप सिंह हत्याकांड के आरोपितों के घर की होगी कुर्की”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *