Bihar Local News Provider

गोपालगंज: जयंती पर याद किए गए शहीद भगत सिंह

गुरुवार को शहीद भगत सिंह की जयंती पर जिला वासियों ने उन्हें याद कर अपनी श्रद्धासुमन अर्पित किया। इस मौके पर शहीद भगत सिंह के व्यक्तित्व तथा देश को आजादी दिलाने के लिए उनके बलिदान पर विस्तार से प्रकाश भी डाला गया। शहीद भगत सिंह की जयंती पर मुख्य कार्यक्रम शहर के शहीद भगत सिंह चौक पर आयोजित किया गया। गुरुवार की सुबह यहां पहुंचे जिलाधिकारी अमिनेष कुमार पराशर, उप विकास आयुक्त दयानंद मिश्र, एसडीओ शैलेंद्र कुमार दास, ओएसडी मनोज कुमार दुबे सहित तमाम पदाधिकारियों ने शहीद भगत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धासुमन अर्पित किया। भाजपा जिला कार्यालय में भी शहीद भगत सिंह की जयंती मनाई गई। जयंती समारोह की शुरुआत शहीद भगत सिंह के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया। इस मौके पर वक्ताओं ने शहीद भगत सिंह के व्यक्तित्व तथा देश को आजादी दिलाने में उनके बलिदान पर विस्तार से प्रकाश डाला। कार्यक्रम में रविप्रकाश मणि त्रिपाठी, दीपक कुमार दीपू, उपेश प्रधान सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।