Bihar Local News Provider

गोपालगंज: निर्धारित किराया से तीन गुना अधिक देने को मजबूर होते यात्री

बात जिला मुख्यालय गोपालगंज के राजेंद्र नगर बस स्टैंड से सिवान तक जाने वाली बसों से शुरू करते हैं। सरकारी बस सेवा नहीं होने से इस रूट पर निजी बसें ही चलती हैं। राजेंद्र नगर बस स्टैंड से हर दस मिनट पर सिवान के लिए बस खुलती है। जाहिर है सिवान जाने के लिए यात्रियों को बस स्टैंड में रुकना नहीं पड़ता है। वहां पहुंचते ही यात्रियों को सिवान जाने वाली बस खड़ी मिलती है। लेकिन यह तो गोपालंगज से सिवान तक के सफर का एक पहलू भर है। बस में बैठने के बाद ही यात्रियों को यह एहसास हो जाता है कि गोपालगंज से सिवान की दूर भले ही कम है, लेकिन वहां तक का सफर काफी कठिनाइयों से भरा हुआ है। बस स्टैंड से खुलने के बाद रास्ते में बसों को जहां तहां रोक-रोक कर ठूंस ठूंस कर लोगों को बैठाया जाता है। मीरगंज जाते जाते बस में पैर रखने की भी जगह नहीं बचती है। बस में बैठ कर सिवान पहुंचते-पहुंचते यात्री पूरी तरफ से पस्त हो जाते हैं। दुश्वारियां भरी गोपालगंज से सिवान तक 32 किमी तक सफर के लिए किराया के रूप में यात्रियों को 40 रुपया देना पड़ता है। वैसे यह स्थित सिर्फ इसी रूट की नहीं है। जिले में हर रूट पर बस संचालकों की मनमानी चलती है। यहां बस संचालकों को मनमानी करने की छूट मिली हुई है। यहां निर्धारित किए गए किराया से तीन से चार गुना अधिक किराया यात्रियों से वसूली जा रही है।
जिले में बस सेवा पूरी तरह से निजी संचालकों के हाथ में है। हालांकि निजी बस संचालक मनमाना किराया न वसूले इसके लिए जिले के हर रूट के लिए जिला प्रशासन ने किराया निर्धारित किया है। लेकिन बस संचालक निर्धारित किए गए किराया से तीन से चार गुना किराया वसूल रहे हैं। गोपालगंज से सिवान के लिए निर्धारित किराया 25 रुपये है। लेकिन बस संचालक यात्रियों से 40 रुपया वसूल रहे हैं। गोपालगंज से महम्मदपुर के लिए निर्धारित किराया 24 रुपया है। लेकिन बस संचालक 35 रुपया किराया लेते हैं। गोपालगंज से मीरगंज का किराया 12 रुपया निर्धारित है, लेकिन किराया 20 रुपया लिया जाता है। यही हाल जिले के हर रूटों पर है। मनमाना किराया वसूलने को लेकर आए दिन बस कंडक्टर तथा यात्रियों के बीच विवाद होता रहता है। कई बार मारपीट तक की नौबत आ जाती है। मामला थाना तक भी पहुंचता है। लेकिन इसके बाद भी परिवहन विभाग से लेकर किराया निर्धारित करने वाला जिला प्रशासन मनमाना किराया वसूल रहे बस संचालकों के खिलाफ कार्रवाई करने के प्रति उदासीन बना हुआ है।
निर्धारित किया गया किराया:
स्थान का नाम निर्धारित किराया
गोपालगंज से सिवान 25 रुपया
गोपालगंज से महम्मदपुर 24 रुपया
गोपालगंज से मीरगंज 12 रुपया
गोपालगंज से बथना कुट्टी 18 रुपया
गोपालगंज से कुचायकोट 12 रुपया
गोपालगंज से दिघवा दुबौली 34 रुपया
गोपालगंज से विजयीपुर 43 रुपया
गोपालगंज से भोरे 34 रुपया
गोपालगंज से कटेया 44 रुपया
गोपालगंज से पगरा 47 रुपया
गोपालगंज से सासामुसा 08 रुपया
गोपालगंज से बरौली 19 रुपया
गोपालगंज से देवापुर 11 रुपया
गोपालगंज से लाइन बाजार 18 रुपया
गोपालगंज से बथुआ बाजार 24 रुपया
गोपालगंज से पंचदेवरी 34 रुपया