Bihar Local News Provider

गोपालगंज: विधिज्ञ संघ चुनाव में प्रेमनाथ मिश्र अध्यक्ष निर्वाचित

जिला विधिज्ञ संघ चुनाव में मंगलवार को कड़ी सुरक्षा के बीच मतों की गणना प्रारंभ हुई। मतों की गणना में अध्यक्ष पद पर प्रेमनाथ मिश्र को निर्वाचित घोषित किया गया। जबकि महासचिव के पद पर शैलेंद्र तिवारी निर्वाचित हुए। मतगणना को लेकर सुबह से ही व्यवहार न्यायालय परिसर में गहमागहमी की स्थिति बनी रही।
मंगलवार को सुबह आठ बजे से जिला विधिज्ञ संघ के विभिन्न पदों के लिए हुए चुनाव को लेकर मतों की गणना प्रारंभ हुई। मतगणना प्रारंभ होने के बाद मतगणना स्थल वकालतखाना परिसर में वकीलों की भीड़ जमी रही। सबसे पहले संघ के अध्यक्ष व महासचिव पदों के लिए मतगणना की गई। इन पदों पर हुई मतगणना के बाद प्रेमनाथ मिश्र 380 मत पाकर अध्यक्ष पद पर निर्वाचित घोषित किए गए। दूसरे स्थान पर रहे धीरेंद्र कुमार मिश्र को 359 मत मिला। अध्यक्ष पद के अन्य उम्मीदवार अनिल तिवारी को 66 तथा रामब्यास तिवारी को 51 मत प्राप्त हुए। महासचिव पद के लिए 177 मत प्राप्त कर शैलेंद्र तिवारी निर्वाचित घोषित किए गए। दूसरे स्थान पर रहे राजेश कुमार पाठक को 153 मत मिले। जबकि इस पद के अन्य प्रत्याशी उदय कुमार को 143, अशोक कुमार तिवारी को 122, रामनाथ साहू को 91, विमलेंदु द्विवेदी को 41, प्रेम किशोर सिंह को 25, देवेंद्र पाण्डेय को 14 तथा उपेंद्र पाण्डेय को 13 मत प्राप्त हुए। दूसरे चरण में हुई कोषाध्यक्ष पद की मतगणना में राजेश कुमार राय 272 मत प्राप्त कर निर्वाचित घोषित किए गए। इस पद पर विनय कुमार मिश्र को 197 तथा प्रदीप तिवारी को 182 मत प्राप्त हुए। अंकेक्षक पद के लिए रवि प्रकाश मणि त्रिपाठी 266 मत प्राप्त कर निर्वाचित घोषित किए गए। इस पद के लिए प्रत्याशी मोहम्मद शमसाद को 137, अजय कुमार मिश्र को 108 तथा कुमार संजय द्विवेदी को 105 मत प्राप्त हुए। संघ के अन्य पदाधिकारियों के लिए मतों की गणना मंगलवार को रात्रि तक जारी रही।