Bihar Local News Provider

गोपालगंज: मुख्य डाकघर में एक मार्च से खुलेगा पासपोर्ट सेवा केंद्र

अब पासपोर्ट बनवाने के लिए जिले के लोगों को पटना नहीं जाना पड़ेगा। एक मार्च को शहर में स्थित मुख्य डाकघर में पासपोर्ट सेवा केंद्र खुल जाएगा। शुक्रवार को मुख्य डाकघर का निरीक्षण करने मुजफ्फरपुर से पहुंचे पोस्ट मास्टर जनरल अशोक कुमार ने पासपोर्ट सेवा केंद्र खोलने के लिए स्थल का चयन किया। इस दौरान उन्होंने एक सप्ताह के अंदर काउंटर सहित सभी संसाधन उपलब्ध कराने का निर्देश पोस्ट मास्टर परिमल सिंह को दिया।
जिले में रोजगार के संसाधन कम होने के कारण काफी संख्या लोग में काम धंधे के लिए खाड़ी देश में जाते हैं। खाड़ी देश में जाने के लिए पासपोर्ट बनवाने के लिए जिले के लोगों को अभी पटना स्थित पासपोर्ट कार्यालय जाना पड़ता है। पासपोर्ट का नवीनीकरण सहित इससे संबंधित सभी काम अभी पटना में ही होता है। जिसे देखते हुए केंद्र सरकार ने आठ महीना पहले पासपोर्ट सेवा केंद्र खोलने के लिए जिलों को चयन किया था। जिसमें गोपालगंज जिला भी शामिल है। लेकिन केंद्र सरकार से स्वीकृति मिलने के बाद भी शहर स्थित मुख्य डाकघर में पासपोर्ट सेवा केंद्र खोलने की दिशा में कोई काम नहीं हुआ। जिससे देखते हुए भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष विधायक मिथिलेश तिवारी ने गुरुवार को पटना के मेघदूत भवन में मुख्य पोस्ट मास्टर जनरल एमई हक से मिलकर गोपालगंज में पासपोर्ट सेवा केंद्र खोलने की दिशा में किए जा रहे पहल की जानकारी लिया। इसके अगले दिन शुक्रवार को मुजफ्फरपुर से शहर में पहुंचे पोस्टमास्टर जनरल अशोक कुमार ने मुख्य डाकघर का निरीक्षण कर पासपोर्ट सेवा केंद्र खोलने के लिए स्थल का चयन किया। इस दौरान उन्होंने पोस्ट मास्टर परिमल सिंह को एक सप्ताह के अंदर सभी काम पूरा कर एक मार्च से पासपोर्ट सेवा केंद्र खोलने का निर्देश दिया। निरीक्षण के समय डाक अधीक्षक सिवान मोहम्मद जैनुद्दीन, भाजपा जिलाध्यक्ष विनोद सिंह, रविप्रकाश मणि त्रिपाठी आदि भी मौजूद रहे।