Bihar Local News Provider

गोपालगंज: पेंट एजेंसी की गोदाम में लगी आग, 60 लाख की संपत्ति जली

शहर के श्रीरामनगर में स्थित एक पेंट एजेंसी की अंडरग्राउंड गोदाम में मंगलवार की रात भीषण आग लग गई। आग लगने की सूचना मिलने पर दमकल के साथ मौके पर पहुंचे फायर बिग्रेड के कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक गोदाम में रखे गए 60 लाख कीमत के पेंट जल गए। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सकता है। हालांकि अनुमान लगाया जा रहा है कि बिजली की शार्ट सर्किट से आग लगी होगी। बताया जाता है कि शहर के वार्ड संख्या 26 श्रीरामनगर निवासी श्रीरामशरण प्रसाद का दो मंजिला मकान है। मकान के ग्राउंड फ्लोर पर श्रीरामशरण के पुत्र मनोज प्रसाद की एशियन पेंट्स की एजेंसी है। इनके मकान में अंडरग्राउंड गोदाम है जिसमें पेंट रखा जाता है। मंगलवार की रात पेंट की गोदाम में भीषण आग लग गई। गोदाम से धुंआ तथा आग की लपटें देख घर के सदस्य इसकी सूचना फायर ब्रिगेड को देते हुए आसपास के लोगों की मदद से आग बुझाने की कोशिश करने लगे। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दीवार भी चटकने लगी। इसी बीच सूचना मिलने पर दमकल के साथ मौके पर पहुंचे फायर ब्रिगेड के कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक गोदाम में रखे गए पेंट जल गए। एजेंसी मालिक मनोज प्रसाद ने बताया कि करीब 60 लाख कीमत की पेंट जलकर बर्बाद हो गई है। आग लगने का कारणों का पता नहीं चल सकता है। बिजली की शार्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।