Bihar Local News Provider

गोपालगंज : आटा चक्की मशीन की चपेट में आने से किशोर की मौत

थाना क्षेत्र के जमसड़ी गांव में एक आटा चक्की मशीन की चपेट में आ जाने से एक 12 वर्षीय किशोर बुरी तरीके से जख्मी हो गया। गंभीर हालत में इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाने के क्रम में किशोर की मौत हो गई। घटना की सूचना किशोर के घर पहुंचने के बाद घंटों चीख पुकार मची रही।
[the_ad id=”10743″]
जानकारी के अनुसार जमसडी गांव के रामाश्रय राम का 12 वर्षीय पुत्र प्रिस कुमार रविवार की सुबह खेलते-खेलते अपने घर से कुछ दूरी पर स्थित आटा चक्की मशीन के पास पहुंच गया। उस वक्त आटा चक्की मशीन के मालिक झमन सिंह उर्फ रविद्र सिंह कमरे के अंदर मशीन चलाकर आटा पीस रहे थे। इस दौरान कमरे के बाहर खेल रहा किशोर मशीन के निकले साप्ट की चपेट में आ गया। बताया जा रहा है कि किशोर का मफलर साप्ट में फंसने से चल रहा मशीन उसे काफी देर तक जमीन पर पटकते हुए नचाने लगा। सड़क से गुजर रहे एक राहगीर घटना को देखकर शोर मचाना शुरू किया। जिसके बाद मशीन मालिक झम्मन उर्फ रविद्र सिंह और आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई। जिसके बाद आटा चक्की मशीन मालिक द्वारा मशीन को बंद कर मशीन में फंसे किशोर को बाहर निकाला। परिवार के लोग गंभीर रूप से घायल किशोर को इलाज के लिए सदर अस्पताल के लिए लेकर चले। इसी बीच रास्ते में किशोर की मौत हो गई। किशोर की मौत की खबर उसके घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। बाद में ग्रामीणों ने शोकाकुल परिवार के लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया गया।