Bihar Local News Provider

गोपालगंज सीट पर जदयू उतारेगा प्रत्याशी : विधायक रामसेवक सिंह

लोकसभा चुनाव की तैयारी के बीच जिले में जदयू तथा भाजपा में तनातनी के आसार दिखने लगे हैं। रविवार को शहर स्थित जिला जदयू कार्यालय में कार्यकर्ताओं की बैठक में विधायक रामसेवक सिंह के गोपालगंज सीट से जदयू प्रत्याशी के चुनाव लड़ने के एलान पर भाजपा की कड़ी प्रतिक्रिया सामने आने के आसार दिखने लगे हैं। गोपालगंज लोकसभा सीट भाजपा के कोटे में है। सांसद जनक राम भाजपा के नेता हैं। जदयू की यह बैठक बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने तथा 16 दिसंबर से 18 दिसंबर तक जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन की तैयारी को लेकर आयोजित थी। जिलाध्यक्ष प्रमोद कुमार पटेल की अध्यक्षता में हुई बैठक को संबोधित करते हुए विधायक रामसेवक सिंह ने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ता अपने संगठन को और मजबूत बनाने में जुट जाएं। आगामी 16,17 व 18 को जिले से सभी छह विधानसभा क्षेत्र में सम्मेलन आयोजित कर प्रखंड, पंचायत तथा बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं को प्रदेश के वरीय नेता संबोधित करेंगे। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में गोपालगंज सीट पर जदयू अपना प्रत्याशी उतारेगा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव- गांव में जाकर पार्टी से लोगों को जोड़ने का आह्वान किया। बैठक में प्रदेश सचिव भीषम सहनी, दशरथ राम, फैज अहमद, मुकेश राम, मनोज तिवारी, संजीत राम, ललन मांझी, मनोज तिवारी सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।