Bihar Local News Provider

गोपालगंज: 37 दिवसीय खसरा-रूबेला टीकाकरण महाअभियान शुरू

मंगलवार को मकर संक्रांति के दिन थावे प्रखंड के मुखीराम उच्च विद्यालय थावे में जिलाधिकारी अनिमेष कुमार ने खसरा व रुबेला टीकाकरण महाअभियान का दीप प्रज्जवलित कर शुरुआत किया। 37 दिन तक चलने वाले इस महाअभियान के दौरान 8 लाख 55 हजार 648 बच्चों को टीका लगाया जाएगा। इस मौके पर सिविल सर्जन डॉ.एके चौधरी ने कहा कि खसरा एक जानलेवा बीमारी है। इसके कारण निमोनिया, दस्त सहित अन्य बीमारी होती है। वहीं गर्भावस्था के दौरान रुबैला संक्रमण होने से शिशु जन्मजात अंधापन, बहरापन, कमजोर दिमाग और दिल की बीमारी से ग्रसित हो जाते हैं। उन्होंने बताया कि जिले में 8 लाख 55 हजार 648 बच्चों का टीकाकरण किया जाएगा। पांच लाख 36 हजार विद्यालय और तीन लाख 19 हजार आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ ही ईंट भट्ठे पर काम करने वालों लोगों के बच्चों को टीका लगाया जाएगा। टीकाकरण अभियान प्राइवेट विद्यालय व मदरसों में भी चलाया जाएगा। यह टीका नौ माह से 15 वर्ष तक के बच्चों को लगाया जाएगा। जिलाधिकारी अनिमेष कुमार पराशर ने कहा कि यह सामाजिक अभियान है। बच्चों को स्वस्थ और तंदरुस्त रखने को लेकर इस अभियान को सफल बनाना है। भारत के कई राज्यों में 20 करोड़ लोगो का टीकाकरण हो चुका है। एक भी बच्चा छूटे नहीं इसकी जिम्मेदारी शिक्षकों और संबंधित हेडमास्टर की होगी। प्रथम दो सप्ताह यह अभियान सभी शिक्षण संस्थानों में चलेगा उसके बाद आंगनबाड़ी केंद्रों सहित अन्य संस्थानों में यह अभियान चलाया जाएगा। इस मौके पर डीडीसी दयानंद मिश्रा, जिला शिक्षा पादाधिकारी पूनम चौधरी, प्राचार्य अखिलेश्वर मिश्रा, डीपीओ अनिल कुमार द्विवेदी, श्रम अधीक्षक मनोज दुबे, पूर्व मुखिया ओमप्रकाश राय भुट्टो, बीडीओ सुमन सिंह, सीओ गंगेश झा बीइओ विद्याशंकर द्विवेदी, मुखिया उमेश यादव, डॉ. शक्ति कुमार सिंह, डॉ. विजय कुमार आदि भी मौजूद रहे। वहीं उत्क्रमित मध्य विद्यालय मांझा मे खसरा व रुबैला टीकाकरण अभियान की शुरुआत बीडीओ वेदप्रकाश ने फीता काटकर किया। इस मौके पर प्रमुख देवलाल साह, चिकित्सा प्रभारी डॉ. शाहिद नाजमी आदि भी मौजूद रहे।
विजयीपुर प्रखंड के मुसहरी मध्य विद्यालय में टीकाकरण अभियान की शुरुआत प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. रविशंकर माझी ने फीता काटकर किया । इस मौके पर मुखिया पति सुनील यादव , आदर्श प्राथमिक मध्य विद्यालय के प्रधानाध्यापक अभिनंदन राय , यूनिसेफ के बीएमसी संजय कुमार सिंह , श्यामबहादुर प्रसाद आदि भी मौजूद रहे। कटेया रेफरल अस्पताल के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ भगवान लाल सिंह ने टीकाकरण अभियान की शुरुआत किया। जिले के अन्य सभी प्रखंडों में भी टीकाकरण महाअभियान की शुरुआत की गई।