Bihar Local News Provider

गोपालगंज : किशोर न्यायालय परिसर से किशोर कैदी फरार

सदर प्रखंड कार्यालय परिसर में स्थित किशोर न्यायलय में पेशी के लिए आया एक किशोर कैदी सुरक्षा बलों को झांसा देकर न्यायालय परिसर से फरार हो गया। फरार हुए किशोर कैदी की तलाश पुलिस काफी देर तक करती रही। लेकिन उसका सुराग नहीं मिल सका। घटना को लेकर सिधवलिया थाने की पुलिस ने नगर थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई है।
बताया जाता है कि सिधवलिया थाना के सिकटिया गांव निवासी अनु कुमार को एक अपहरण के मामले में सिधवलिया थाने की पुलिस ने शुक्रवार की शाम गिरफ्तार किया था। गिरफ्तार किशोर से पूछताछ करने के बाद पुलिस ने उसे शनिवार को किशोर न्यायालय में प्रस्तुत करने के लिए भेजा। शनिवार को किशोर न्यायालय में प्रस्तुत करने के लिए जैसे ही सुरक्षा बल पहुंचे, सदर प्रखंड परिसर में सुरक्षा बलों को झांसा देकर किशोर फरार हो गया। किशोर कैदी के फरार होने के बाद सुरक्षा को पहुंचे जवानों ने घटना की सूचना सिधवलिया थाने की पुलिस को दी। इस संबंध में नगर थाने में फरार किशोर कैदी अनु कुमार के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।