Bihar Local News Provider

गोपालगंज: महिला अल्पावास गृह से चार लड़कियां फरार

नगर थाना क्षेत्र के भितभेरवां रोड स्थित महिला अल्पवास गृह में रह रही चार लड़कियां शुक्रवार को देर रात फरार हो गई। शनिवार की तड़के इसकी जानकारी होने के बाद अल्पवास गृह में तैनात कर्मियों में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची नगर थाने की पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुट गई। पूरे दिन की मशक्कत के बाद पुलिस ने शुक्रवार को देर शाम तक फरार चारों लड़कियों को विभिन्न स्थानों से बरामद कर लिया।
नगर थाना के इंस्पेक्टर रवि कुमार ने बताया कि थाना क्षेत्र के भितभेरवां रोड़ स्थित महिला अल्पवास गृह में रह रही चार लड़कियां शुक्रवार की देर रात करीब दो बजे दरवाजा खोल कर फरार हो गई। इसकी सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंच कर तुरंत अल्पवास गृह में लगे सीसीटीवी कैमरे के माध्यम से जांच पड़ताल शुरू किया। उन्होंने बताया कि अल्पावास गृह से फरार होने वाली मनीषा थापा, अनुष्का कुमारी, रानी कुमारी सहित चार लड़कियों की खोजबीन तुरंत शुरू कर दी गई। इस दौरान मांझा थाना क्षेत्र से रानी कुमारी को सबसे पहले पुलिस ने बरामद किया। उन्होंने बताया कि इसके बाद विभिन्न स्थानों पर की गई छापेमारी व जांच पड़ताल के क्रम में तीन अन्य लड़कियों को विभिन्न स्थानों से बरामद कर लिया गया। उन्होंने बताया कि अल्पावास की गृह की सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ाने का निर्देश दिया गया है।