Bihar Local News Provider

गोपालगंज: बसडीला गांव में दो गुटों में झड़प, 15 गिरफ्तार

नगर थाना क्षेत्र के बसडीला मुर्गिया गांव में भूमि विवाद में दो गुटों के लोग आमने सामने आ गए। इस दौरान दोनों पक्ष में हुई मारपीट में सात लोग घायल हो गए। मारपीट के बाद इस गांव में तनाव व्याप्त हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक राशीद जमा, एसडीपीओ नीरज कुमार सिंह, डीएसपी मुख्यालय राजन सिन्हा सहित कई थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 15 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां एक घायल की हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उन्हें गोरखपुर रेफर कर दिया। तनाव को देखते हुए पुलिस गांव में कैंप कर रही है।
बताया जाता है कि बसडीला मुर्गिया गांव निवासी हीरा यादव तथा मोहन यादव के बीच जमीन संबंधित विवाद चल रहा है। इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष के लोग आपस में भिड़ गए। बताया जाता है कि मारपीट के दौरान इस गांव के निवासी इमरान अहमद को भी हीरा यादव के पक्ष के लोगों ने मारपीट कर घायल कर दिया। जिससे विवाद बढ़ गया। विवाद बढ़ने के बाद कुछ लोगों ने इमरान अहमद के घर के पास जाकर उसकी फिर से पिटाई कर दिया। जिससे गांव में तनाव व्याप्त हो गया तथा दो गुट के लोग आमने सामने आ गए। इस दौरान हुई मारपीट में हीरा यादव, मोहन यादव, सुजीत यादव, सुनिता देवी, विकास कुमार, दिलीप कुमार, अहमद हुसैन तथा इमराज अहमद गंभीर रूप से घायल हो गए। इसी बीच सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक सहित कई थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हीरा यादव, मोहन यादव, करण कुमार, अर्जून कुमार, अरविंद कुमार सहित 15 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। मारपीट में घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां घायल इमरान अहमद की हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उसे गोरखपुर रेफर कर दिया। गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस मौके पर कैंप कर रही है।