Bihar Local News Provider

गोपालगंज : पोखरे के विवाद में युवक को गोली मारी, हालत नाजुक

जादोपुर थाना क्षेत्र के बलुआ गांव में पोखरे के विवाद को लेकर गुरुवार की देर शाम एक युवक को गोली मार दी गई। सीने में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल लाया गया। जहां उसकी हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उसे गोरखपुर रेफर कर दिया। इस वारदात की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस युवक को गोली मारने वालों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।
बताया जाता है कि जादोपुर थाना क्षेत्र के बलुआ गांव निवासी अमरजीत सिंह का अपने की ही गांव के कुछ लोगों से पोखरे को लेकर विवाद चल रहा है। इसी बीच गुरुवार को अमरजीत सिंह ने जिस पोखरे को लेकर विवाद चल रहा है, उसमें मछली का जीरा डाल दिया। बताया जाता है कि इस बात की जानकारी होने पर दूसरे पक्ष के लोग आक्रोशित होकर युवक को खोजने लगे। इस बीच देर शाम दूसरे पक्ष के लोगों को जानकारी मिली कि अमरजीत सिंह फिर पोखरे पर गए हैं। इस जानकारी के बाद दूसरे पक्ष के लोग पोखरे पर पहुंच गए तथा अमरजीत सिंह को गोली मार कर वहां से फरार है। सीने में गोली लगने से गंभीर रूप से घायल युवक गिर कर तड़पने लगा। इस बीच इस वारदात की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे परिजन युवक को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले आए। जहां उसकी हालत नाजुक देख चिकित्सकों ने उसे गोरखपुर रेफर कर दिया। बताया जाता है कि इस वारदात की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस घायल युवकों के परिजनों का बयान दर्ज कर आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी अभियान चला रही है।