Bihar Local News Provider

गोपालगंज : चारा काटने गईं दो महिलाओं पर गिरा विद्युत तार, एक की मौत

नगर थाना क्षेत्र के भितभेरवां गांव के हरिजन टोली में शनिवार की दोपहर मवेशियों के लिए चारा काट कर लौट कर दो महिलाओं के शरीर पर बिजली का तार टूट कर गिर गया। जिससे करंट की चपेट में आने से दोनों महिलाओं मौके पर ही अचेत हो गईं। घटना के बाद आसपास के लोगों ने दोनों महिलाओं को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने एक महिला को मृत घोषित कर दिया। दूसरी महिला की हालत भी नाजुक बनी हुई है। इस घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे बीडीओ तथा सीओ ने ग्रामीणों से पूछताछ कर घटना के बारे में जानकारी लिया।
बताया जाता है कि भितभेरवा गांव के सूरज राय के टोला निवासी शिवजी साह की पत्नी सुभावती देवी तथा सुभाष साह की पत्नी गुलाबझरी देवी मवेशियों के लिए चारा काटने खेत की तरफ गई थीं। चारा काटने के बाद दोनों महिलाएं अपने घर लौट रही थीं। तभी भितभेरवा हरिजन टोला में विद्युत तार टूट कर दोनों महिलाओं के शरीर पर गिर गया। जिससे करंट लगने से दोनों महिलाएं अचेत हो गईं। इस घटना के बाद आसपास के लोगों ने इस घटना की सूचना विद्युत विभाग के पदाधिकारियों को देने के बाद दोनों महिलाओं को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने सुभावती देवी को मृत घोषित कर दिया। वहीं गुलाबझरी देवी की भी हालत नाजुक बताई जाती है। घटना की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे बीडीओ पंकज कुमार शक्तिधर, सीओ विजय कुमार सिंह तथा मुखिया अरविद कुमार पप्पू ने पीड़ित परिजन से मिल कर उन्हें सांत्वना देते हुए सरकारी मदद दिलाने का आश्वासन दिया।
15 दिन पूर्व जर्जर तार को बदलने की उठी थी मांग:
नगर थाना क्षेत्र के भितभेरवां गांव में जर्जर विद्युत तार के कारण आए दिन हादसे होते रहते हैं। 15 दिन पूर्व भी ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के एसडीओ को गांव में बिजली का तार जर्जर होने की जानकारी देते हुए इसे बदलने की मांग किया था। लेकिन विद्युत विभाग के पदाधिकारियों ने तार बदलने की दिशा में कोई पहल नहीं किया। जिसकी कीमत एक महिला को अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। भीतभेरवां पंचायत के मुखिया अरविद कुमार पप्पू ने बताया कि हरिजन टोली में जर्जर तार को देख कर 15 दिन पूर्व इसकी सूचना विद्युत विभाग के एसडीओ सहित कई पदाधिकारियों को दी गई थी। उनसे कहा गया था कि जर्जर तार के कारण बारिश में हादसा हो सकता है। जर्जर तार को तुरंत बदला जाए। लेकिन विद्युत विभाग के पदाधिकारियों ने जर्जर तार बदलने की दिशा में कुछ नहीं किया।
मुआवजे की मांग पर डटे रहे मृतका के परिजन:
नगर थाना क्षेत्र के भितभेरवां गांव में जर्जर तार टूट कर गिरने से सुभावती देवी की मौत हो जाने के बाद मृतक के परिजन मुआवजे की मांग कर रहे थे। पीड़ित परिजनों की मांग के बारे में जानकारी मिलने पर सदर अस्पताल पहुंचे बीडीओ पंकज कुमार शक्तिधर ने उनसे बातचीत किया। परिजनों का कहना था कि विद्युत विभाग की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। वे मुआवजा की मांग पर डटे रहे। हालांकि बाद में बीडीओ ने समझा कर परिजनों को शांत करा दिया। इसके बाद पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।